गुरुपूर्णिमा पर भी पड़ेगा आंशिक चंद्रग्रहण का असर, जानें इससे जुडी पूरी जानकारी

आज आषाढ़ माह की पूर्णिमा हैं जिसे गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता हैं और आज ही साल का दूसरा और अंतिम चंद्रग्रहण भी हैं। चंद्रग्रहण का असर गुरुपूर्णिमा पर भी पड़ेगा। जी हाँ, आज आंशिक चन्द्रग्रहण हैं जो 16 जुलाई को देर रात 1:32 मिनट पर शुरू होगा। लेकिन ग्रहण का सूतक दोपहर बाद 4.00 बजे से ही शुरू हो जाएगा। इस वजह से गुरु पूजन 4.00 बजे तक ही किया जा सकेगा। यह ग्रहण 2 घंटे 58 मिनट तक रहेगा। आज हम आपके लिए इससे जुडी पूरी जानकारी देने जा रहे हैं। तो आइये जानते हैं इसके बारे में।

क्या पडेगा प्रभाव?
तीन घंटे तक रहने वाला यह ग्रहण एशिया, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप में भौगोलिक और राजनीतिक उठा-पटक की वजह बन सकता है। ज्योतिषियों के अनुसार इस बार लगने वाले चंद्रग्रहण की वजह से पृथ्वी के बड़े भूभाग पर भूकंप, सुनामी, आगजनी और तूफान-चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाएं तक आ सकती हैं।

क्या होता है आंशिक चंद्र ग्रहण?
आंशिक चंद्र ग्रहण तब होता है जब सूरज और चांद के बीच पृथ्‍वी घूमते हुए आती है, लेकिन वे तीनों एक सीधी लाइन में नहीं होते। ऐसी स्थिति में चांद की छोटी सी सतह पर पृथ्‍वी के बीच के हिस्‍से की छाया पड़ती है, जिसे अंब्र कहते हैं। चांद के बाकी हिस्‍से में पृथ्‍वी के बाहरी हिस्‍से की छाया पड़ती है, जिसे पिनम्‍ब्र कहते हैं। इस दौरान चांद के एक बड़े हिस्‍से में हमें पृथ्‍वी की छाया नजर आने लगती है।

किस समय दिखेगा आंशिक चंद्र ग्रहण?
चंद्र ग्रहण कुल 2 घंटे 59 मिनट का होगा। भारतीय समय के अनुसार चंद्र ग्रहण 16 जुलाई की रात 1 बजकर 31 मिनट पर शुरू होगा और 17 जुलाई की सुबह 4 बजकर 30 मिनट पर समाप्‍त हो जाएगा। इस दिन चंद्रमा पूरे देश में शाम 6 बजे से 7 बजकर 45 मिनट तक उदित हो जाएगा इसलिए देश भर में इसे देखा जा सकेगा।

किन देशों में दिखेगा चंद्र ग्रहण?
यह चंद्र ग्रहण पूरे भारत में दिखाई देगा। दुनिया भर में यह ग्रहण एशिया, यूरोप, ऑस्‍ट्रेलिया और दक्षिण अमेरिका के अधिकतर हिस्‍सों में दिखाई देगा।

भारत में कहां-कहां दिखाई देगा चंद्र ग्रहण?
यह चंद्र ग्रहण पूरे भारत में देखा जा सकता है। लेकिन देश के पूर्वी क्षेत्र में स्थित बिहार, असम, बंगाल और अोडिसा में ग्रहण की अवधि में ही चंद्र अस्‍त हो जाएगा।

इस ग्रहण को कैसे देख सकते हैं?
चंद्र ग्रहण को देखने के लिए किसी विशेष सावधानी की जरूरत नहीं होती है। चंद्र ग्रहण पूरी तरह से सुरक्षित होता है इसलिए आप इसे नंगी आंखों से देख सकते हैं। अगर आप टेलिस्‍कोप की मदद से चंद्र ग्रहण देखेंगे तो आपको बेहद खूबसूरत नजारा दिखाई देगा।