Diwali 2019: दिवाली से पहले इन शुभ योग में कर सकते है खरीददारी, जानें पुष्य नक्षत्र और विशेष मुहूर्त

दिवाली के त्यौंहार में अब कुछ ही दिन बचे है और सभी इस पावन पर्व का लम्बे समय से इन्तजार करते हैं और कई तैयारियां करते हैं। इसी के साथ ही दिवाली पर किसी भी काम की शुभ शुरुआत और खरीददारी का भी शुभ संयोग रहता हैं। खासतौर से पुष्य नक्षत्र के साथ सर्वार्थ सिद्धि योग और धनतेरस दिवाली की खरीददारी के लिए जाने जाते हैं। इसलिए आज हम आपके लिए पुष्य नक्षत्र और दिवाली से पहले खरीददारी के योग की जानकारी लेकर आए हैं। तो आइये जानते हैं इसके बारे में।

पुष्य नक्षत्र

पुष्य नक्षत्र 21 अक्टूबर की शाम 5:30 से लेकर 22 अक्टूबर की शाम 4:40 तक रहेगा। इस नक्षत्र में गाड़ी, मकान, दुकान, सोना, बर्तन की खरीदारी शुभ रहेगी। बता दें कि ज्योतिष शास्त्र में 27 नक्षत्र होते हैं और उनमें आठवां नक्षत्र पुष्य होता है। पुष्य नक्षत्र को नक्षत्रों का राजा माना गया है और इस नक्षत्र के स्वामी शनि हैं जबकि देवता स्वयं बृहस्पति हैं जिसका कारक सोना है।

दिवाली से पहले पड़ रहे पुष्य नक्षत्र के प्रथम भाग सोम पुष्य में सोने और चांदी की खरीदारी करना आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। इसके अलावा आप इस दिन निवेश भी कर सकते हैं। सोने चांदी के अलाव इस दिन पुस्तक, बहीखाते व धार्मिक वस्तुएं खरीदना भी शुभ माना गया है।

25 और 26 अक्टूबर को धनतेरस और सर्वार्थ सिद्धि

कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस है। धनतेरस पर नई खरीदारी करने की परंपरा होती है। इस दिन जो भी नई चीज खरीदा जाती है उसमें 13 गुना तक की वृद्धि होती है। 25 अक्टूबर शुक्रवार को त्रयोदशी सुबह 7:08 बजे शुरू होगी और 26 अक्टूबर शनिवार को दोपहर 3:47 बजे तक रहेगी। धनतेरस पर सर्वार्थ सिद्धि योग भी है, इसीलिए इस दिन खरीदी और पूजन का महत्व बढ़ गया है।