एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) की होम डिलीवरी के साथ-साथ अगर कोई सांप भी आपके घर पर डिलीवर हो जाए तो। ऐसा सोचते ही डर लगने लगता है लेकिन ऐसी एक घटना हरियाणा के फतेहाबाद में हुई। प्रभाकर कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति के घर एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी की गई। घर वाले उस वक्त बेहद डर गए जब उन्होंने सिलेंडर के निचले हिस्से में सांप को बैठा पाया।
![सिलेंडर के साथ-साथ हुई सांप की भी 'होम डिलीवरी', घर में मचा हड़कंप lpg cylinder,snake,home delivery,weird news]()
जब सिलेंडर को टेढ़ा करके देखा गया तो उसकी पेंदी में एक सांप फंसा हुआ था। यह देखकर घर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में लोग उस सिलेंडर से दूर चले गए। इसके बाद परिजनों ने वन्य जीव संरक्षक डॉ गोपी को इसकी जानकारी दी।
डॉ गोपी ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक उस सांप को सिलेंडर से बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया। बरसात के मौसम में खासतौर पर ऐसी समस्या देखने को मिलती है। ऐसे में घर पर सिलेंडर या ऐसी किसी भी चीज की डिलीवरी लेने से पहले उसे अच्छी तरह जांच लें कि उसमें कोई जहरीला जीव या फिर कुछ और ना फंसा हो। इससे आपकी जान को भी खतरा हो सकता है।