उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) एसपी गौतम की कोरोना वायरस से मंगलवार को कोरोना वायरस की वजह से मौत हो गई। वह लखनऊ के पीजीआई पिछले पांच दिनों से भर्ती थे। बुखार व सांस लेने में तकलीफ होने पर 5 जून को उन्हें पीजीआई रेफर किया गया था। जांच के दौरान वे संक्रमित मिले थे। वे लंबे समय से शुगर व ब्लड प्रेशर से भी पीड़ित चल रहे थे।
सीएमओ डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया- महात्मा ज्योतिबा फुले सयुंक्त जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर एसपी गौतम की 4 जून की रात अचानक तबियत खराब होने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था। जहां गंभीर हालत देखकर उन्हें पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर किया गया। मंगलवार को अचानक सीएमएस की तबियत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल से पीजीआई भेजे जाने के पहले सीएमएस का कोरोना जांच का सैम्पल लिया गया था। जांच के बाद सीएमएस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
बता दें कि कोरोना वायरस हर बीतते दिन के साथ और खतरनाक होते जा रहा है। इससे पहले मंगलवार को ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर शिरीष दीक्षित की 54 साल की आयु में कोरोना वायरस से मौत हो गई। शिरीष दीक्षित का 2 से 3 दिन पहले कोरोना का टेस्ट हुआ था। हालांकि, उनमें कोरोना के लक्षण नहीं थे। मंगलवार सुबह उनकी तबीयत खराब हो गई थी। घर पर जब तक डॉक्टरों की टीम पहुंची तब तक उनकी मौत हो गई। उनके परिवार के तीन सदस्यों को क्वारनटीन कर दिया गया है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया को हुआ कोरोना
देश में कोरोना ने आम हो या खास सभी को अपने लपेटे में लिया है। मंगलवार को ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे सिंधिया की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। दोनों को दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया में कोरोना के सिम्टम्स थे, लेकिन उनकी मां में कोई लक्षण नहीं थे। आज दोनों का टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। अब दोनों का इलाज चल रहा है। सिंधिया को गले में खराश और बुखार की शिकायत थी। इसके बाद उनका कोरोना टेस्ट किया गया। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन के ऐलान के बाद से ही ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली में ही हैं। वह अपने परिवार के साथ दिल्ली स्थित अपने आवास पर रह रहे थे, लेकिन चार दिन पहले अचानक ज्योतिरादित्य सिंधिया में कोरोना के सिम्टम्स दिखे। इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।
अरविंद केजरीवाल की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव
वहीं, आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मंगलवार सुबह उनकी जांच कराई गई थी। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद कोरोना संक्रमण की जांच कराई गई थी। बता दे, रविवार को केजरीवाल की तबियत खराब हुई थी और उन्हें गले में समस्या के साथ ही हल्के बुखार की भी शिकायत थी। जिसके बाद उनका कोरोना टेस्ट किया गया था। इस दौरान सीएम केजरीवाल ने खुद को आइसोलेट कर लिया था। साथ ही उनकी सभी बैठकें रद्द कर दी गई हैं। सोमवार को तय हुआ कि मंगलवार को अरविंद केजरीवाल का कोरोना वायरस टेस्ट कराया जाएगा। मंगलवार को टेस्ट हुआ जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।














