सुशांत के वकील ने की CBI जांच की मांग; बिहार के DGP ने कहा- मुंबई पुलिस के अफसर हमसे बात नहीं कर रहे

By: Pinki Tue, 04 Aug 2020 11:30:35

सुशांत के वकील ने की CBI जांच की मांग; बिहार के DGP ने कहा- मुंबई पुलिस के अफसर हमसे बात नहीं कर रहे

सुशांत सिंह राजपूत की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। इस केस को लेकर बिहार और मुंबई पुलिस के बीच तनातनी बढ़ गई है। बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा हमारे आईपीएस अफसर को जबरन क्वारैंटाइन किया गया। अगर महाराष्ट्र सरकार अपनी पुलिस पर फख्र करती है, तो हमें बताया जाए कि सुशांत राजपूत की मौत के 50 दिनों बाद उन्होंने क्या किया। मुंबई के अफसर हमारे साथ बातचीत नहीं कर रहे हैं। यह बताता है कि कुछ तो गलत है। बिहार पुलिस की एक टीम जांच के लिए इन दिनों मुंबई में है। यह टीम सुशांत की दोस्त रिया चक्रवर्ती के साथ उनके क्रिएटिव कंटेंट मैनेजर सिद्धार्थ पिठानी को भी तलाश रही है। सोमवार को सिद्धार्थ से पूछताछ होनी थी, लेकिन वे सामने नहीं आए। इस बीच सिद्धार्थ ने दो दिन पहले मुंबई पुलिस को ई-मेल भेजकर बताया कि सुशांत का परिवार उन पर रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव बना रहा है।

CBI जांच हो

वहीं, सुशांत के परिवार की तरफ से उनके वकील विकास सिंह ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मुंबई पुलिस बिहार पुलिस को जांच नहीं करने दे रही है। मंगलवार को सुशांत सिंह राजपूत के वकील ने बड़ा बयान देते हुए कहा- मुंबई पुलिस जांच में अड़ंगा लगा रही है। पहली बार ऐसा हुआ है कि जांच अधिकारियों को काम नहीं करने दिया जा रहा है। ऐसे में आरोपी को फायदा मिलता है। हमने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से निवेदन किया है कि वह इस मामले की जांच के लिए सीबीआई को सिफारिश करें। हमें लगता है आज ही सीबीआई जांच की सिफारिश बिहार सरकार से आज हो जाएगी।

लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने नीतीश कुमार से मुंबई में बिहार पुलिस के साथ किए जा रहे खराब व्यवहार को लेकर प्रधानमंत्री और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात करने के लिए कहा।

सुसाइड से पहले सुशांत ने क्या सर्च किया था?

सोमवार को मुंबई पुलिस ने सुशांत केस में अब तक की गई जांच में सामने आई डिटेल्स की जानकारी दी थी। मुंबई पुलिस के कमिश्नर परमबीर सिंह ने बताया कि एक्टर ने सुसाइड से पहले गूगल पर क्या तीन चीजें सर्च की थीं। इनमें बाइपोलर डिसॉर्डर, स्तिजोफ्रेनिया, पेनलेस डेथ (दर्दरहित मौत) और अपना नाम शामिल है। मुंबई पुलिस ने ये भी खुलासा किया कि सुशांत और रिया के बीच तनाव चल रहा था। उनके रिश्ते में काफी सारे उतार चढ़ाव थे। इसी वजह से रिया भी काफी परेशान थीं। मालूम हो रिया ने सुशांत के सुसाइड से 1 हफ्ता पहले उनका घर छोड़ा था।

बता दे, सुशांत की मौत के मामले में सीबीआई जांच कराने की मांग से जुड़ी एक याचिका पर आज बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश दिपांकर दत्ता की अध्यक्षता में बनी बेंच सुनवाई करेगी। सुशांत ने 14 जून को बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली थी। तब से लेकर अब तक मुंबई पुलिस 56 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने सबसे पहले इस मामले को सीबीआई को ट्रांसफर करने की मांग की थी।

ये भी पढ़े :

# TikTok को 50 अरब डॉलर में खरीदने की तैयारी में माइक्रोसॉफ्ट

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com