भारत में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में 9462 कोरोना संक्रमित बढ़े। इसके साथ ही मरीजों की कुल संख्या 2 लाख 36 हजार 184 हो गई। दुनिया के कई देश कोरोना वैक्सीन पर रिसर्च कर रहे है। उनमें से कुछ देश यह दावा भी कर रही है कि वे वैक्सीन बनाने के बेहद करीब पहुंच गए है। उधर, भारत में आयुर्वेद की दवाओं का कोरोना के संक्रमित मरीजों पर क्लिनिकल ट्रायल शुरू हो गया है। राजस्थान के जयपुर में कोरोना के मरीजों पर आयुर्वेदिक दवाओं का क्लिनिकल ट्रायल किया जा रहा है।
12 हजार लोगों पर टेस्टिंग शुरू
केंद्रीय आयुष मंत्रालय यह ट्रायल क्लिनिकल रिसर्च ऑर्गनाइजेशन टीम के साथ मिलकर करा रहा है। आयुष मंत्रालय के अधीन काम करने वाले राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान ने कोरोना को लेकर चार दवाएं बनाई हैं, जिनमें से एक का नाम है आयुष 64। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर ने कोरोना के मरीजों पर इसका क्लीनिकल ट्रायल शुरू किया है। जयपुर के रामगंज में 12 हजार लोगों पर इस दवा की टेस्टिंग शुरू की गई है। यह क्लिनिकल ट्रायल कोविड-19 (Covid-19) के प्रथम स्टेज के मरीजों पर जयपुर के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। दरअसल, केंद्र सरकार की मंशा प्रदेश सरकार के साथ मिलकर सरकारी अस्पतालों में क्लीनिकल ट्रायल करने की थी, लेकिन गहलोत सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी है।
आयुर्वेद संस्थान के निदेशक संजीव शर्मा का कहना है कि यह दवा सामान्य तौर पर पहले मलेरिया के लिए दी जाती थी, लेकिन इसमें कुछ बदलाव के साथ कोरोना के मरीजों को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका अध्ययन करने के लिए क्लिनिकल रिसर्च ऑर्गनाइजेशन का सहयोग लिया जा रहा है।
तीन से चार महीने में रिजल्ट सामने आ जाएंगे
आयुर्वेद संस्थान के निदेशक ने कहा कि तीन से चार महीने में इसके रिजल्ट सामने आ जाएंगे। शुरुआती नतीजे अच्छे दिख रहे हैं। इसके अलावा 12 हजार लोगों को लेकर आयुर्वेदिक दवा संशमनी बूटी के इम्यूनिटी बूस्टर का ट्रायल भी शुरू किया गया है। रामगंज जैसे कंटेनमेंट एरिया के लोगों को इस दवा की दो-दो गोलियां सुबह-शाम खिलाई जा रही हैं। 45 दिन बाद परिणाम का अध्ययन किया जाएगा।
बता दें कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की तरफ से कोरोना को लेकर अलग-अलग स्तर पर रिसर्च किए जा रहे हैं। इनमें इम्यूनिटी बूस्टर किट भी है और च्यवनप्राश भी। जयपुर के हाई रिस्क जोन में रहने वाले करीब 5 हजार लोगों पर इसका ट्रायल पिछले एक महीने से ज्यादा समय से चल रहा है और अब तक सकारात्मक नतीजों का दावा किया जा रहा है।
10 हजार पार हुआ कोरोना मरीजों का आंकड़ा
वहीं, बता दे, राजस्थान में कोरोना मरीजों का आंकड़ा शुक्रवार को 10 हजार पार कर गया। शुक्रवार रात तक 222 नए रोगियों के साथ कुल 10 हजार 84 संक्रमित हाे गए। साथ ही एक दिन में पांच राेगियाें ने दम भी ताेड़ा। इनमें अजमेर में 2, जयपुर व सवाई माधोपुर में 1-1 तथा एक बाहरी राज्य के राेगी की माैत हुई। प्रदेश में अब तक 218 माैतें हाे चुकी हैं। अब देश में राजस्थान ऐसा पांचवां राज्य बन गया है, जहां 10 हजार से ज्यादा राेगी हैं। बाकी चार राज्याें में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली व गुजरात हैं।














