दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में एक नवजात बच्चे में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक, दूध मुंहे बच्चे का जन्म पिछले हफ्ते एलएनजेपी अस्पताल में हुआ था। जन्म के बाद से ही बच्चा कोरोना पॉजिटिव है। लेकिन मां की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इसके चलते बच्चे को एलएनजेपी अस्पताल के चाइल्ड स्पेशल वार्ड में रखा गया है। अस्पताल की नर्स और डॉक्टर बच्चे का पूरा ख्याल रख रही हैं। लेकिन बच्चे को मां का दूध भी नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण वह काफी रोने लगा। जब एक डॉक्टर ने उस बच्चे को रोते हुए देखा तो उससे रहा नहीं गया। उसने बच्चे को अपनी गोद में उठा लिया और मां की ममता देकर उसे चुप कराया।
बच्चे की पहली जांच जन्म के समय करवाई गई थी तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब उसकी दूसरी रिपोर्ट 5 दिन के बाद आएगी। अब बच्चा अगर नेगेटिव पाया जाता है तो उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। अस्पताल के स्टाफ का कहना है कि हम लोग इस बच्चे का खास ख्याल रख रहे हैं। हालांकि, पिछले दिनों इस अस्पताल में 7 बच्चों की डिलीवरी हुई थी। लेकिन उन सभी बच्चों में सिर्फ यही बचा है जो पॉजिटिव है। वहीं, इसकी मां की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस वजह से इस बच्चे का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। समय-समय पर दूध से लेकर बाकी सभी चीजों का स्पेशल ध्यान रखा जाता है।














