Delhi Budget 2021: वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने पेश किया 69,000 करोड़ रुपये का बजट, दिल्ली के 'आम आदमी' को फ्री वैक्सीन

By: Pinki Tue, 09 Mar 2021 3:31:32

Delhi Budget 2021: वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने पेश किया 69,000 करोड़ रुपये का बजट, दिल्ली के 'आम आदमी' को फ्री वैक्सीन

आम आदमी पार्टी सरकार में वित्त मंत्री और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को 69,000 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। वित्त वर्ष 2021-22 का यह बजट अब तक का सबसे बड़ा बजट है। यह बजट पिछली बार से करीब 4000 करोड़ रुपये ज्यादा है। वित्त मंत्री के रूप में मनीष सिसोदिया ने लगातार सातवीं बार दिल्ली का बजट पेश किया। बजट में 2047 तक दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय सिंगापुर के बराबर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए इस लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त करने के लिए आय में 16% की वृद्धि आवश्यक होगी। यह मुश्किल होगा, लेकिन हम इसे सफल बनाने की दिशा में काम करेंगे। बजट पेश करते हुए डिप्टी CM सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन फ्री लगाई जाएगी। इसके लिए बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही रोजाना वैक्सीनेशन की कैपेसिटी को 45 हजार से बढ़ाकर 60 हजार किया जाएगा। बजट में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में देशभक्ति पर अलग से पीरियड रखने की घोषणा भी की गई है। इस बार बजट में शिक्षा के लिए 16,377 करोड़ रुपये के साथ स्वास्थ्य के लिए 9,934 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 9,394 करोड़ रुपये आवेंटित किए गए हैं। वहीं, झुग्गी-झोपड़ी में में रहने वालों के लिए फ्लैट्स बनाने के मद्देनजर 5,328 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जबकि अनधिकृत कॉलोनियों के लिए 1,550 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। दिल्ली सरकार पूर्व में स्वास्थ्य पर खासा जोर देती रही है, इसका प्रभाव मंगलवार को पेश हुए बजट में भी देखने को मिला। वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने इस बार स्वास्थ्य के लिए 9,934 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। दिल्ली सरकार आने वाले समय में योग को बढ़ावा देने की तैयारी में जुटेगी। इस बाबत योग को बढ़ावा देने के लिए हर कॉलोनी के स्तर पर प्रशिक्षक दिल्ली सरकार उपलब्ध कराएगी। इसके मद्देनजर बजट में 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

बजट में देश की आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने की घोषणा भी की गई है। ये जश्न 12 मार्च से शुरू होगा। सिसोदिया ने दिल्ली के 500 इलाकों में हाई मास्ट लाइट्स के लिए 45 करोड़ रुपए अलॉट किए। दिल्ली सरकार स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के जीवन पर 75 सप्ताह तक लगातार कार्यक्रम कराने जा रही है। इसके लिए 10 करोड़ रुपए का बजट अलग से जारी किया गया है। सिसोदिया ने अपने बजट भाषण में बताया कि इस साल का बजट 2020-21 की तुलना में 6.1% ज्यादा है।

दिल्ली में खोला जाएगा सैनिक स्कूल


वित्त मंत्री ने कहा कि फिलहाल देश में 39 सैनिक स्कूल हैं, लेकिन दिल्ली में एक भी सैनिक स्कूल नहीं है। ऐसे में दिल्ली में एक सैनिक स्कूल बनाने का प्रस्ताव किया गया। इसके अलावा दिल्ली आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी एकेडमी की स्थापना की जाएगी।

Delhi Budget 2021


- दिव्यांग पुनर्वास केंद्र बनेंगे।
- सहेली समन्वय केंद्र स्थापित होगा। दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में बने आंगनबाड़ी हब में शुरू के चार घंटे में आंगनबाड़ी हब चलेंगे और बाद के समय में सहेली समन्वय केंद्र चलेगा, जहां महिलाएं कारोबार पर विचार विमर्श कर सकेंगी और आइडियाज विकसित कर सकेंगी।
- 23 महिला सहायता प्रकोष्ठ बनाए जाएंगे, जो सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में महिलाओं को जागरूक करेंगे।
- तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले शिल्पकारों को लीज पर दुकानें उपलब्ध कराएगी सरकार।
- सुगम्य सहायक योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत दिव्यांगों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
- राज्य निर्यात पुरस्कार शुरू किए जा रहे हैं, जो उत्कृष्ट निर्यातकों को दिए जाएंगे।
- दिल्ली में सहेली समन्वय केंद्र बनेंगे और इसके लिए 23 महिला हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे।
- ईस्ट वेस्ट, नार्थ साउथ कॉरिडोर और सिग्नेचर ब्रिज से डीएनडी तक एलिवेटेड कॉरिडोर पर इस साल काम शुरू हो जाएगा।
- दिल्ली में 1397 नए बस क्यू शेल्टर बनाए जाएंगे।
- सिर्फ सरकारी अस्पतालों में कोविड वैक्सीन निशुल्क लगाई जाएगी। इसके लिए 50 करोड़ की व्यवस्था की गई है। दिल्ली के लोगों को स्वास्थ्य कार्ड दिए जाएंगे।
- दिल्ली में ओलंपिक खेलों का आयोजन होना चाहिए। दिल्ली में अगले 25 सालों में खेलों के क्षेत्र में इतना काम किया जा सके कि ओलंपिक कमेटी का ध्यान दिल्ली की तरफ आए।

- पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन नीति लागू की गई है। 1300 ई बसें आएंगी। एक साल में 1000 बसें और बढ़ेंगी। बढ़ कर 7693 बसें इस साल के अंत तक आ जाएंगी। एक साल के दौरान 500 ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा, देश जब 100वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा होगा, तब तक दिल्ली वायु प्रदूषण से आजाद हो जाएगी।
- ओलंपिक खेलों की दावेदारी के लिए दिल्ली को तैयार करने के लिए बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा।
- दिल्ली स्कूल एजुकेशन एक्ट व दिल्ली यूनिवर्सिटी एक्ट को बदला जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है। नई शिक्षा नीति लागू करने के लिए ये जरूरी होगा। टीचर ट्रेनिंग यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी, जिसमें देश और दुनिया के बेहतरीन टीचरों की मदद से दिल्ली के लिए अच्छे टीचर तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही दिल्ली लॉ यूनिवर्सिटी (विधि विश्वविद्यालय) भी खोली जाएगी। वर्चुअल दिल्ली मॉडल स्कूल शुरू किया जाएगा, जिसमें वर्चुअल तरीके से पढ़ाई शुरू की जाएगी। ये दिल्ली का अपना अनूठा प्रयोग होगा और शायद दुनिया का पहला इस तरह का स्कूल होगा। इसमें देशभर के बच्चों को दिल्ली के शिक्षा मॉडल की तरह पढ़ने का मौका मिलेगा।
- दिल्ली का अपना शिक्षा बोर्ड होगा। 100 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस तैयार किए जाएंगे। नर्सरी से आठवीं कक्षा तक का नया पाठ्यक्रम बनेगा और कट्टर देशभक्त बच्चे बनाए जाएंगे।
- दिल्ली सरकार लोगों को कोरोना का टीका निशुल्क उपलब्ध कराएगी। वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने इसके लिए 50 करोड़ रुपये दिए हैं। इसके साथ ही महिलाओं के लिए 100 विशेष महिला मोहल्ला क्लीनिक अगले साल से खोले जाएंगे।

- आजादी के 75वें वर्ष के जश्न के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। इसके तहत दिल्ली में 500 जगहों पर तिरंगा लहराया जाएगा। स्कूलों में देशभक्ति पाठ्यक्रम की शुरुआत होगी। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर देशभक्ति बजट पेश किया जा रहा है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पेपरलेस बजट पेश किया है। अपने बजट भाषण में कहा उन्होंने कहा कि दिल्ली में वर्ष 2019-20 में प्रति व्यक्ति आय 2,74,671 थी। वहीं वर्ष 2020-21 में प्रति व्यक्ति आय 3,54,004 रुपये रही। आगामी वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 69 हजार करोड़ का बजट पेश किया।
- वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर 75 सप्ताह तक आगामी 12 मार्च से देशभक्ति महोत्सव शुरू हो रहा है। ऐसे में देश भक्ति बजट पेश किया जा रहा है।
- दिल्ली के कुल बजट में से 37,800 करोड़ रुपये विभिन्न परियोजनाओं व बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किए जाएंगे।
आम आदमी पार्टी की सरकार का यह सातवां बजट है।
- इससे पहले सरकार सबसे पहले स्वराज बजट लेकर आई थी। इसके बाद 2018 में पर्यावरण पर फोकस करते हुए ग्रीन बजट पेश किया था। इस बार बजट में 75 हफ्ते तक देशभक्ति के कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने की झलक दिल्ली सरकार के बजट में भी दिखाई दे रही है।

कोविड-19 के चलते डिप्टी CM ने टैबलेट के जरिए दिल्ली का बजट पेश किया। बजट पढ़ने के लिए सभी विधायकों को भी टैबलेट दिए गए थे। बजट पेश करते हुए सिसोदिया ने कहा,' जिस सदन में हम आज बैठे हैं, वो 1912 से 1926 तक अखंड भारत का संसद भवन रहा है। मैं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए ये बजट पेश कर रहा हूं। 15 अगस्त 2022 को 75वे स्वतंत्रता दिवस है, जिसे पूरे साल आजादी महोत्व के रूप में मनाया जाएगा। 75 सप्ताह तक चलने वाला ये उत्सव 12 मार्च से शुरू होकर 15 अगस्त 2022 तक चलेगा।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com