कोरोना के बढ़ते कदम अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक पहुंच गए है। सीएम अरविंद केजरीवाल के अंदर कोरोना जैसे लक्षण पाए गए हैं, जिसके बाद आज उनका कोरोना टेस्ट हुआ। अरविंद केजरीवाल को गले में खराश और बुखार की शिकायत है। उन्होंने रविवार दोपहर से खुद को आइसोलेट किया है। उनकी रिपोर्ट आज शाम तक आ सकती है। बता दें कि मुख्यमंत्री केजरीवाल को डायबिटीज भी है इसलिए खास पर तौर एहतियात बरती जा रही है। खतरा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि, दिल्ली सचिवालय में भी अब तक कोरोना के मामले सामने आ चुके है, डीडीएमए, स्वास्थ्य विभाग और जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को कोरोना हो चुका है।
अरविंद केजरीवाल की तबीयत को लेकर जैसे ही खबरें आई उसके बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर कई नेताओं ने चिंता व्यक्त की है। दिल्ली में बीजेपी के नए अध्यक्ष आदेश गुप्ता और पुराने दोस्त कुमार विश्वास ने केजरीवाल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने फोन करके केजरीवाल का हाल चाल लिया था। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कुमार विश्वास ने भी केजरीवाल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उधर दिल्ली में कोरोना ने रफ्तार तेज कर दी है। करीब 29 हजार मरीज अब तक राजधानी में संक्रमित हो चुके हैं, जबकि मौत का आंकड़ा 800 के पार जा चुका है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि अगले 15 दिनों में बेड की संख्या डबल कर दी जाएगी।
दिल्ली में हो रहे सबसे ज्यादा टेस्ट
1 अप्रैल तक देश में हर 10 लाख लोगों में से सिर्फ 32 लोगों की ही जांच हो रही थी। लेकिन, अब ये आंकड़ा 3 हजार 581 पर पहुंच गया। वहीं, राज्यों की बात करें तो दिल्ली ही ऐसा राज्य है जहां हर 10 लाख लोगों में से सबसे ज्यादा 12 हजार 714 लोगों की जांच हो रही है। दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है, जहां हर 10 लाख में से 7 हजार 834 लोगों की जांच हुई है।
इस बीच दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने केजरीवाल सरकार के दो फैसलों को पलट दिया। पहला, उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस फैसले को पलट दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली सरकार के अस्पतालों में सिर्फ दिल्ली के कोरोना मरीजों का इलाज होगा। दूसरा, उपराज्यपाल ने जारी आदेश में कहा कि अब ऐसिम्प्टमैटिक लोग भी, जो सीधे किसी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए हैं, वह 5 से लेकर 10 दिन के अंदर कोरोना टेस्ट करवा सकते हैं।
दिल्ली / LG ने केजरीवाल के इन दो फैसलों को पलटा, AAP का बीजेपी पर फूटा गुस्सा














