देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1 हजार 330 नए मामले रिपोर्ट किए गए, साथ ही 25 और लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में कोरोना से संक्रमित ये एक दिन में सबसे ज्यादा मौत का आंकड़ा है। अब दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 26 हजार 334 हो गई है। इस बीच दिल्ली विधानसभा के स्पीकर राम निवास गोयल समेत सभी 28 लोगों की भी शुक्रवार को कोरोना रिपोर्ट आई। इनमें विधानसभा से जुड़े 25 लोग थे, बाकी तीन लोग आसपास की कॉलोनियों के थे। स्पीकर राम निवास गोयल समेत 22 विधानसभा के कर्मियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। 28 में से 6 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जिनमें तीन कर्मी और तीन लोग आसपास की कॉलोनियों के है।
दरअसल, बीते दिनों दिल्ली विधानसभा के स्पीकर राम निवास गोयल के सचिव अजय रावल कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके कारण उनके संपर्क में आए 25 कर्मियों समेत 28 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया। फिलहाल सचिव अजय रावल का इलाज चल रहा है। सचिव के कोरोना संक्रमित होने की वजह से विधानसभा स्पीकर राम निवास गोयल होम क्वारनटीन हो गए थे। विधानसभा स्पीकर पिछले बुधवार से ही होम क्वारनटीन में हैं।
बता दे, दिल्ली में कोरोना के कुल एक्टिव केस 15 हजार 311 हैं। वहीं होम क्वारनटीन हुए कोरोना मरीज की संख्या बढ़कर 10 हजार 255 हो गई है। डेथ ऑडिट कमिटी की रिपोर्ट के आधार पर 4 मई से लेकर 2 जून तक 33 मरीजों की मौत की लेट रिपोर्टिंग हुई, जिसके चलते अब मरने वालों का आंकड़ा 650 से बढ़कर 708 हो गया है। दिल्ली में अब तक कुल 2,41,693 कोरोना टेस्ट हुए हैं।














