मालिक के साथ घोड़े को भी किया क्वारंटाइन, जाने क्या है वजह

By: Pinki Wed, 27 May 2020 10:02:38

मालिक के साथ घोड़े को भी किया क्वारंटाइन, जाने क्या है वजह

देश से किसी पशु को क्वारंटाइन किए जाने का पहला मामला सामने आया है। दरअसल, कश्मीर घाटी से एक व्यक्ति अपने घोड़े पर सवार होकर मुगल रोड के रास्ते मंगलवार रात राजौरी के थन्नामंडी पहुंचा। जैसे ही इस बात की जानकारी प्रशासन को मिली तो उन्होंने तुरंत कोरोना के संक्रमण की आशंका को देखते हुए मालिक और घोड़े दोनों को क्वारंटाइन कर दिया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परिवार को एहतियाती तौर पर एक घोड़े को अन्य पशुओं से अलग रखने को कहा गया है, जिस पर सवार होकर उसका मालिक घाटी से मुगल रोड के रास्ते यहां तक पहुंचा। यह एक वैकल्पिक मार्ग है, जो घाटी को बाकी देश के साथ जोड़ता है। सर्दियों में हुई भारी बर्फबारी के कारण इस समय यह रास्ता बंद है।

थानामंडी के तहसीलदार अंजुम बशीर खान ने बताया कि घोड़े का मालिक अपने गृह जिले राजौरी में घुस रहा था, तभी उसे पुलिस ने रोक लिया। वह दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से आया था। उस व्यक्ति को प्रशासनिक पृथक-वास में भेजा गया है और उसके नमूने कोरोना जांच के लिए भेजे गए हैं।

खान ने बताया कि इसके बाद घोड़े के बारे में राय जानने के लिए पशु चिकित्सकों की मदद ली गई। राजौरी जम्मू क्षेत्र के ग्रीन जोन में आने वाले चार जिलों में से एक है जबकि शोपियां जिला रेड जोन में आता है। रेड जोन से ग्रीन या ऑरेंज जोन में जाने के लिए अनुमति की आवश्यकता होती है।

खान ने कहा कि इंसानों से पालतू पशुओं में Covid-19 का संक्रमण फैलने की कोई रिपोर्ट नहीं है लेकिन एहतियातन घोड़े को अलग रखा गया। रात भर निगरानी में रखने के बाद उसका तापमान जांचा गया और मंगलवार को उसे परिवार को सौंप दिया गया।

खान ने बताया कि परिवार को हिदायत दी गई है कि घोड़े के मालिक की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने तक घोड़े को घर के अन्य पालतू पशुओं से अलग रखा जाए।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com