राजस्थान में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। यहां कोरोना संक्रमण अब सभी 33 जिलों तक पहुंच गया है। बूंदी जिला ऐसा था जहां अभी तक कोरोना का एक भी मामला नहीं आया था लेकिन बुधवार रात को यहां भी कोरोना संक्रमित एक मरीज मिल गया। राजस्थान में गुरुवार को 251 नए मामले सामने आए। इनमें से झालावाड़ में 69, जोधपुर में 64, पाली में 32, भरतपुर में 12, कोटा में 9 और जयपुर में 7 मरीज मिले। 253 संक्रमित ठीक हुए और 7 की मौत हुई। इसके साथ ही यहां कुल संक्रमितों की संख्या 8,067 तक पहुंच गई है वहीं, अब तक इस वायरस से 180 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, राज्य के कोटा में लॉकडाउन के दौरान भामाशाह मंडी में सोना बरस रहा है। यहां 25 दिन में लगभग 250 करोड़ का गेहूं बिक गया। मंडी में 13 अप्रैल से कारोबार शुरू हुआ। इसके बाद से 25 दिन गेहूं का कारोबार हुआ है।
कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि लॉकडाउन के बाद खुली मंडी में अब तक खुली नीलामी में 15 लाख क्विंटल गेहूं का कारोबार हुआ है, जो 1700-1800 रुपए क्विंटल बिका। इसमें 10 दिन हड़ताल भी रही है। 28 मई तक करीब 20 हजार किसान गेहूं बेच चुके हैं। बुधवार को करीब 1.50 लाख बोरी गेहूं आया था। दो दिन से पूरी मंडी गेहूं से अटी है।
बता दे, कोटा से कोरोना के अब तक 423 संक्रमित मामले सामने आ चुके है। यहां 16 लोगों की मौत इस वायरस की वजह से हो गई है।














