उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मंगलवार को देर रात और बुधवार की सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से आई रिपोर्ट में 32 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस प्रकार जिले में अब कुल मरीजों की संख्या 230 हो गई है। इसकी पुष्टि प्रभारी सीएमओ डॉक्टर फख्ररे यार हुसैन ने की है।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 43 मरीज ठीक हो कर घर जा चुके हैं, 6 की मौत हो चुकी है। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 181 हो गई, जिले में 3 हॉटस्पॉट हैं जबकि अब तक तकरीबन 55 हजार से अधिक प्रवासी मजदूर अपने जिले में आए हैं।
बता दे, उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 369 नए मरीज मिले। प्रदेश में एक दिन में कोरोना संक्रमितों की यह दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। जबकि, यह चौथा मौका है जब प्रदेश में 24 घंटे के भीतर कोरोना महामारी के 300 से ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले 31 मई को कोरोना संक्रमण के 378 मरीज मिले थे। वहीं, 21 मई को 341 और 19 मई को 323 मरीज मिले थे। वहीं केजीएमयू लखनऊ ने बुधवार सुबह 22 नए मरीजों की पुष्टि की है। जिसमें लखनऊ के दो मरीज शामिल हैं।
अब कुल मरीजों की संख्या 8 हजार 729 पहुंच गई है। इनमें 2 हजार 404 प्रवासी कामगार शामिल हैं। वहीं, मंगलवार को प्रदेश में सात और मरीजों की मौत हुई। इनमें आगरा, गौतमबुद्धनगर में एक-एक, कानपुर में दो और गाजियाबाद में तीन संक्रमितों की जान गई। अब तक प्रदेश में 234 की मौत हो चुकी है। अब तक 5 हजार 176 (59.2%) मरीज ठीक हो चुके हैं।














