दिल्ली में कोरोना महामारी की वजह से मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। अब राजधानी में एक महिला एसीपी के पति की कोरोना की वजह से मौत हो गई। क्राइम अगेंस्ट वीमेन सेल में तैनात एसीपी सुरेंद्रजीत कौर के पति चरणजीत सिंह विर्क की मौत हो गई। सुरेंद्रजीत कौर भी कोरोना पॉजिटिव थीं। पति-पत्नी दोनों का इलाज अपोलो हॉस्पिटल में चल रहा था, हालांकि सुरेंद्रजीत कौर इलाज के बाद ठीक हो गईं। लेकिन उनके पति चरणजीत की मौत हो गई। इन दोनों के अलावा घर का नौकर भी कोरोना संक्रमित हो गया था।
इस बीच दिल्ली की सीमापुरी इलाके के SDM कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। करीब 3-4 दिन पहले उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। SDM को बुखार था इसलिए उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। SDM ने रिपोर्ट आने के बाद खुद को अपने घर में क्वारनटीन कर लिया है, साथ ही SDM के 2 स्टाफ भी क्वारनटीन हो गए हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की वजह से 73 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 हजार ,647 नए मामले सामने आए। राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 42 हजार 829 हो गई है। हालांकि खास बात यह रही कि दिल्ली में लगातार 3 दिन से 2 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित केस आने के बाद चौथे दिन इसमें गिरावट देखी गई। दिल्ली सरकार की ओर से सोमवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 604 मरीज कोरोना से ठीक होकर कर घर लौट चुके हैं, या दूसरी जगहों पर माइग्रेट कर गए हैं। दिल्ली में कोरोना से ठीक/डिस्चार्ज या माइग्रेट करने वाले कुल मरीजों की संख्या 16 हजार 427 पहुंच गई है।














