देश में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 3.5 लाख के पार हो चुका है। वहीं 12,064 लोगों की इस वायरस की वजह से मौत हो गई है। लेकिन इस सबके बीच आज मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब लॉकडाउन की अफवाहों से लड़ने और अनलॉक 2.0 की योजना बनाने की आवश्यकता है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से अफवाहें उड़ रही है कि देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए एक बार फिर सरकार लॉकडाउन लगा सकती है लेकिन आज मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में पीएम मोदी ने साफ कर दिया है कि लॉकडाउन की अफवाहें सब बेबुनियाद है। उन्होंने राज्यों से कहा कि अब अनलॉक 2.0 की योजना बनाने की जरूरत है। पीएम मोदी ने कहा कि वायरस का फैलाव बड़े राज्यों और शहरों में ज्यादा है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा टेस्टिंग क्षमता का पूरा उपयोग किया जाना चाहिए। साथ ही इसे बढ़ाए जाने का प्रयास भी लगातार किया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने इस बैठक में आर्थिक गतिविधियों में तेजी लाए जाने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि राज्य बुनियादी ढांचे और निर्माण संबंधी कार्यों को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाएं। साथ ही पीएम ने कहा कि राज्य आने वाले महीनों में प्रवासी मजदूरों के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए कदम उठाएं।
वहीं इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल मुख्यमंत्रियों ने पीएम मोदी को राज्यों की जमीनी स्थिति और वायरस के प्रभाव से निपटने के लिए उनकी तैयारियों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्रियों ने स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे और उनकी मजबूती के लिए उठाए गए कदमों के बारे में भी बताया। इसके साथ ही मुख्यमंत्रियों ने टेस्टिंग में बढ़ोतरी और वापस आए प्रवासियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने पर भी जोर देने की बात कही।














