राजस्थान में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 12 हजार के पार पहुंच चुका है। आज रविवार को 131 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें धौलपुर में 40, भरतपुर में 34, जयपुर में 15, अलवर में 12, बीकानेर में 9, नागौर में 5, दौसा और सवाई माधोपुर में 3-3, उदयपुर में 2, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा और करौली में एक-एक पॉजिटिव मिला। वहीं, राज्य के बाहर से आए 4 लोग भी संक्रमित मिले। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 12 हजार 532 पहुंच गया। चार मरीजों की मौत भी हुई है। इनमें भरतपुर में दो, गंगानगर और जयपुर में एक-एक की जान गई। राज्य में कुल 286 मरीजों की मौत हुई है।
उधर जोधपुर में चार जगहों पर एक ही घर से कई कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इनमें मंडोर के फूलबाग मंडोर में 6 (बैंककर्मी के परिजन), 185 पोलो सेकेंड में 5, ए-106 शास्त्रीनगर में 4 और ई-30 केएन नगर में 3 मरीज एक ही परिवार के सामने आए। जयपुर के बाद जोधपुर में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आ चुके है। यहां अब तक कुल 2 हजार 198 लोग इस वायरस के संक्रमण से संक्रमित हो चुके है। वहीं, अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, अजमेर के ब्यावर में एसबीआई की मुख्य शाखा के जिस स्टाफ की रिपोर्ट शनिवार काे काेराेना पॉजिटिव आई, वह अस्पताल आने से पहले पुराना मसूदा रोड स्थित एक सैलून में दाढ़ी बनवाने गया था। वहीं के एक रेस्टोरेंट में चाय भी पी थी। उस समय सैलून में कई लाेग मौजूद थे। चिकित्सा विभाग अब सैलून और रेस्टोरेंट संचालक से पूछताछ कर रहा है। कोरोना पॉजिटव युवक के संपर्क में आने वालों की जानकारी जुटाने के लिए एक विशेष टीम बनाई है। पॉजिटिव बैंककर्मी ब्यावर मसूदा रोड निवासी है और ब्यावर एसबीआई की मुख्य शाखा में कार्यरत है।
सभी 33 जिलों में पहुंचा संक्रमण
राजस्थान में संक्रमण के सबसे ज्यादा केस जयपुर में हैं। यहां 2 हजार 522 (2 इटली के नागरिक) संक्रमित हैं। इसके अलावा जोधपुर में 2 हजार 198 (इनमें 47 ईरान से आए), भरतपुर में 971, पाली में 749, उदयपुर में 602, कोटा में 545, नागौर में 543, डूंगरपुर में 388, अजमेर में 415, झालावाड़ में 342, सीकर में 364, चित्तौड़गढ़ में 200, सिरोही में 279, झुंझुनूं में 214, जालौर में 193, भीलवाड़ा में 188, चूरू में 187, टोंक में 180, राजसमंद में 166, बीकानेर में 130, बाड़मेर में 122, जैसलमेर में 95 (इनमें 14 ईरान से आए), बांसवाड़ा में 90 मरीज मिले।
अलवर में 262, धौलपुर में 150, दौसा में 86, बारां में 62, सवाई माधोपुर में 58, करौली में 40, हनुमानगढ़ में 34, प्रतापगढ़ में 14, श्रीगंगानगर में 20, बूंदी में 9 पॉजिटिव मिले। जोधपुर में बीएसएफ के 50 जवान भी पॉजिटिव मिल चुके हैं। दूसरे राज्यों से आए 64 लोग पॉजिटिव मिले।
286 लोगों की हुई मौत
इनमें जयपुर में सबसे ज्यादा 128 की मौत हुई। इसके अलावा, जोधपुर में 27, कोटा में 18, भरतपुर में 17, अजमेर में 12, नागौर में 8, पाली में 7, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, सवाई माधोपुर और सीकर में 5-5, बारां और सिरोही में 4-4, भीलवाड़ा और करौली में 3-3, दौसा, बांसवाड़ा, जालौर और अलवर में 2-2, गंगानगर, धौलपुर, झुंझुनू, राजसमंद, उदयपुर, चूरू, प्रतापगढ़ और टोंक में एक-एक की मौत हो चुकी है। दूसरे राज्य से आए 18 व्यक्ति की भी मौत हुई है।













