महाराष्ट्र में शुक्रवार को अब तक के सबसे ज्यादा 5024 नए कोरोना मरीज सामने आए। जबकि इस दौरान 175 लोगों की मौत हो गई। कुल 175 मौतों में से 91 मौतें पिछले 48 घंटों की हैं और 84 मौतें गुरुवार की हैं लेकिन इन्हें शुक्रवार को दर्ज किया गया है। राज्य में संक्रमितों के कुल सक्रिय मामले 65 हजार 829 हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है। महाराष्ट्र में कुल संक्रमित मरीजों की बात करे तो यह आंकड़ा 1.50 लाख को पार कर गया है। अब तक महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 1 लाख 52 हजार 765 मरीज कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 7 हजार 106 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो चुकी है। राज्य में लगातार कोरोना मरीजों का इलाज भी किया जा रहा है। राज्य में 2 हजार 362 और लोगों के साथ ही अब तक राज्य में कोरोना वायरस के 79 हजार 815 मरीज रिकवर हो चुके हैं। महाराष्ट्र में मुंबई कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित है। मुंबई में 1 हजार 297 नए कोरोना वायरस के मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही मुंबई में अब तक कोरोना वायरस के 72 हजार 175 मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं मुंबई में 73 और मौतों के साथ अब तक 4 हजार 179 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है। फिलहाल मुंबई में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 28 हजार 244 है।
मुंबई की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के आठ नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 2 हजार 218 हो गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धारावी में कोविड-19 के मामले दोगुने होने की दर में सुधार हुआ है और अब यह 140 दिन हो गई है और महामारी बढ़ने की दर 0.47% है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है और यहां कुल मृतकों की संख्या 81 है।
अधिकारी के अनुसार धारावी में संक्रमित 1 हजार 19 लोगों का इलाज हो रहा है और अब तक कुल 1 हजार 118 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। धारावी 2.5 वर्गकिलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और 6.5 लाख जनसंख्या के साथ यह एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती है।
जुलाई और अगस्त के दौरान बढ़ेंगे कोरोना के मामले
बता दे, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शुक्रवार को कहा कि जुलाई और अगस्त के दौरान कोरोना के मामले तेजी से बढ़ सकते है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया है कि कोरोना से होने वाली मृत्यु दर ऊपर नहीं जाएगा और अस्पतालों की हर मांग को पूरा किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे की जुलाई और अगस्त में मामलों के बढ़ने की संभावनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। राजेश टोपे ने बताया कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हम राज्य के अस्पतालों में डॉक्टरों और आईसीयू बेड की संख्या बढ़ा रहे हैं। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस टेस्टिंग (Coronavirus Testing) को लेकर राजेश टोपे ने इशारों ही इशारों में बीजेपी शासित राज्यों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि ICMR के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन हो। कई राज्य ऐसे हैं जो टेस्टिंग नहीं कर रहे हैं,छुपा रहे हैं। आज पुणे में 10 लाख लोगों पर 15 हजार टेस्ट और मुंबई में 22 हजार टेस्ट हो रहे हैं। ये देश में टेस्टिंग का उच्चतम आंकड़ा है।'














