देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली में हर रोज अब हजारों की संख्या में कोरोना के मरीज सामने आ रहे हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 3 हजार 137 कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 50 हजार को पार करते हुए 53 हजार 116 पहुंच गया है। दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस की वजह से 66 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही यहां कुल मौतों की संख्या 2 हजार 35 हो गई है। अच्छी खबर यह है कि दिल्ली में कोरोना मरीज लगातार ठीक भी हो रहे हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 1 हजार 828 कोरोना मरीजों का इलाज हुआ, जिसके साथ ही अब तक 23 हजार 569 मरीज ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में फिलहाल एक्टिव कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 27 हजार 512 है। वहीं होम आइसोलेशन में 10 हजार 490 लोग है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 13 हजार 74 आरटी-पीसीआर टेस्ट हुए। किसी भी दिन में होने वाले ये सबसे ज्यादा टेस्ट हैं। वहीं राजधानी के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में फिलहाल कुल 10 हजार 961 बेड हैं। इनमें से 5 हजार 883 मरीज अस्पतालों में एडमिट हैं, जबकि 5 हजार 78 बेड खाली हैं।
होम क्वारनटीन पर रोक
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि सभी कोरोना पॉजिटिव मरीज पहले पांच दिन सरकारी क्वारनटीन रहेंगे इसके बाद ही किसी व्यक्ति को होम आइसोलेशन में भेजा जाएगा, लेकिन अगर लक्षण हैं तो आगे उसी हिसाब से क्वारन्टीन सेन्टर या हॉस्पिटल में भेजा जाएगा।














