कोरोना के मामले दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे है। दिल्ली में रविवार रात संक्रमितों का आंकड़ा 59746 हो गया है। इस लिहाज से संक्रमितों के मामले में दिल्ली दूसरे नंबर पर पहुंच चुकी है। वहीं अब सोमवार को केजरीवाल सरकार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि होम क्वारनटीन लोगों को ऑक्सीजन पल्स मीटर दिया जाएगा। वे हर एक-दो घंटे में अपनी जांच खुद करेंगे। ऑक्सीजन लेवल कम हुआ तो वे अस्पताल में फोन करेंगे और मेडिकल टीम ऑक्सीजन लेकर तत्काल उनके पास पहुंच जाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले दिनों में हमने टेस्टिंग तीन गुना कर दी है। पहले लगभग 5,000 टेस्ट रोज किए जाते थे, अब करीब 18,000 टेस्ट रोज किए जा रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 12 जून को दिल्ली के सारे अस्पतालों में मिलाकर 5 हजार 300 बेड्स भरे हुए थे। आज की डेट में 6 हजार 200 बेड भरे हुए हैं। 10 दिन में सिर्फ 900 बेड भरे। इन 10 दिनों में 23 हजार नए मरीज आए। इनमें से केवल 900 एक्स्ट्रा बेड की जरूरत पड़ी। नए केस में सीरियस केस कम हैं, जिन्हें अस्पताल की जरूरत नहीं है। अभी 7000 बेड्स खाली हैं। केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार कोरोना पर काबू पाने के लिए काम कर रहे हैं। यह राजनीति करने का समय नहीं है, अगर आपस में लड़े तो कोरोना जीत जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि हमें केंद्र से पूरा सहयोग मिल रहा है। दोनों सरकार मिलकर कोरोना से लड़ रही है। यह समय लड़ाई-झगड़े का नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि आज हम चीन के खिलाफ दो युद्ध लड़ रहे हैं- भारत-चीन बॉर्डर पर और चीन से आए वायरस के खिलाफ। हमारे 20 वीर जवान पीछे नहीं हटे। हम भी पीछे नहीं हटेंगे।
बता दे, दिल्ली सरकार राजधानी में 30 जून तक 1 हजार एंबुलेंस तैनात करने की तैयारी में है। राज्य सरकार की कोशिश है कि हर निजी अस्पताल में 60% बेड रिजर्व रहें। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यह बातें गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक में साझा की हैं। इस बैठक में उपराज्यपाल अनिल बैजल भी मौजूद थे।














