राजधानी दिल्ली में CNG गैस की कीमत में बढ़ोतरी की गई है। सीएनजी गैस अब एक रुपये महंगी मिलेगी। बढ़े हुए दाम 2 जून यानी आज सुबह 6 बजे से लागू किए जा चुके है। राजधानी दिल्ली क्षेत्र (एनसीटी) में इससे पहले सीएनजी का रेट 42 रुपये प्रति किलो था। इसमें बदलाव करते हुए 1 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में एक किलो सीएनजी की कीमत बढ़कर 43 रुपये हो गई। पीएनजी गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अप्रैल महीने में डिमांड में आई भारी गिरावट के कारण सीएनजी 3.2 रुपये प्रति किलोग्राम और पीएनजी 1.55 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ता हुआ था।
इसी के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी सीएनजी की दर में बदलाव किया गया है। इन जगहों पर सीएनजी अब 47.75 रुपये प्रति किलो की जगह 48.75 रुपये के हिसाब से बेची जाएगी। हरियाणा के करनाल जिले में सीएनजी की दर 50.85 रुपये प्रति किलोग्राम और रेवाड़ी में 55.1 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) दिल्ली और आसपास के इलाके में गाड़ियों के लिए सीएनजी और घर में किचन के लिए पीएनजी की सप्लाई करता है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि 2 जून 2020 की सुबह 6 बजे से सीएनजी की दर 42 रुपये से 43 रुपये प्रति किलो होगी। आईजीएल ने एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी। हालांकि पीएनजी की दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले 3 अप्रैल को कंपनी ने सीएनजी के दाम में 3.2 रुपये प्रति किलो और पीएनजी की दर में 1.55 प्रति यूनिट की कटौती की थी।
देश में 25 मार्च से लॉकडाउन लागू किया गया है। उसके बाद ईंधन की खपत में बड़ी गिरावट देखी गई है। तकरीबन 90% तक ईंधन की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई। अब कुछ जगहों पर लॉकडाउन खोला भी गया है तो बिक्री में कोई तेजी नहीं देखी जा रही है। ब्रिकी में कोई बढ़ोतरी नहीं है लेकिन कंपनी को अपने खर्च का वहन करना पड़ रहा है। कर्मचारियों को सैलरी देने, पावर कनेक्शन के फिक्स चार्ज, मेंटिनेंस और रेंट पर गैस कंपनी को अपने खर्च का वहन पहले की तरह जारी रखना है।
कंपनी के सूत्रों के मुताबिक, इन खर्चों को वहन करने के लिए ही सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। एक अन्य ट्वीट में आईजीएल ने कहा कि हरियाणा के करनाल जिले में सीएनजी की दर 50.85 रुपये हो गई है जबकि रेवाड़ी में 54.15 रुपये से 55 रुपये प्रति किलो हो गई है।
LPG सिलिंडर भी हुआ महंगा
इससे पहले आज LPG सिलिंडर महंगा हो गया था। दिल्ली में LPG सिलिंडर 11.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही अब 593 रुपये में मिलेगा। कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला 1 जून से लागू हो गया है।














