महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार को 2,608 नए मामले सामने आए, जबकि 60 मरीजों की कोरोना से मौत भी हुई। प्रदेश में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 47 हजार 190 हो गई। वहीं, मौतों का आंकड़ा 1,577 पर पहुंच गया। पूरे राज्य में इस महामारी से ठीक होने वालों की संख्या 13,404 के करीब पहुंच गई है। राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को जनता को संबोधित किया. इस दौरान सबसे पहले उन्होंने ईद पर्व की बधाई दी. उन्होंने कहा लोग घर पर ही ईद मनाए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कोरोना के और भी मरीज बढ़ेंगे। लेकिन डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा सभी को इस लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा। इसके लिए सरकार हर हद तक काम करने को तैयार है।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि पहले चेतावनी दी गई थी कि मई में महाराष्ट्र में कोरोना के डेढ़ लाख से ज्यादा मरीज हो सकते है लेकिन हम इसे काबू कर पाए और इतना नहीं बढ़ने दिया। सभी लोग कोरोना से डटकर मुकाबला कर रहे हैं।
ईद पर्व की बधाई दी
उद्धव ठाकरे ने कहा, 'मैं सभी को ईद की मुबारक बाद देता हूं। लोग ईद घर में ही रहकर मनाए ऐसी अपील सभी से कर रहा हूं और घर से ही सभी के लिए दुआ करें। होली के बाद से सभी त्योहार हमने बड़े ही अच्छे से मनाया है। ईद के दिन लोग सड़कों पर न निकलें। जल्द से जल्द कोरोना खत्म हो इसके लिए सभी मुस्लिम भाई दुआ मांगें।'
उन्होंने कहा, 'एक सही बात बता रहा हूं कि कोरोना का प्रभाव अब तेजी से बढ़ेगा। आने वाले दिनों में और भी मामले बढ़ेंगे। इसे लेकर घबराने की जरूरत नही है। सभी को इस लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा। कोरोना का यह संकट मार्च से शुरू हुआ। अब हम देख रहे हैं इसकी संख्या बढ़ रही है। हमें क्यों लोगों से अंतर रखना है इसे लेकर लगातार आप सभी को जानकारी दी जा रही है। कोरोना के साथ कैसे जिएं ये सभी को बताया गया है। मास्क के साथ साथ बताए गए सभी नियम का पालन करें।'
रक्तदान की अपील, बारिश में रहें सावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महीने के अंत तक मुंबई में 14 हजार बेड उपलब्ध हो जाएंगे। आज 7000 बेड उपलब्ध हैं। फील्ड हॉस्पिटल हम खोल रहे हैं इसमें अधिक से अधिक सभी सुविधा दे रहे हैं।
महाराष्ट्र में ब्लड की जरूरत है। मैं सभी से अपील कर रहा हूं कि लोग अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करें। आने वाले समय में बारिश आने वाली है। इस समय में और अधिक ध्यान रखने की जरूरत है और इस वक्त भारी संख्या में कई बीमारियां होती हैं, ऐसे में आप लोग तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
24 घंटे में 87 पुलिसकर्मी संक्रमित
कोरोना का कहर पुलिसकर्मियों पर भी टूट रहा है, पिछले 24 घंटे में पुलिसकर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ अब तक कुल 1,758 कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 174 अफसर और 1,671 अन्य स्टाफ है। इनमें से 42 पुलिस अधिकारी और 499 कॉन्स्टेबल स्वस्थ हो चुके हैं। एक अधिकारी समेत 18 पुलिस कर्मियों की मौत हो चुकी है।
कोरोना पर उद्धव ठाकरे और शरद पवार की बैठक
बता दे, इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) प्रमुख शरद पवार ने राज्य में कोविड-19 (Covid-19) के हालात को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इस मुद्दे पर पिछले आठ दिन में दोनों नेताओं के बीच यह तीसरी बैठक थी। राकांपा ने ट्वीट किया कि पार्टी के महाराष्ट्र इकाई प्रमुख और जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल, शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत और मुख्य सचिव अजय मेहता भी बैठक में मौजूद थे। राउत ने दिन में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और उसके बाद बैठक हुई, जिसे राजभवन के एक बयान में 'शिष्टाचार भेंट' बताया गया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख राज्य में चरणबद्ध तरीके से आर्थिक गतिविधियां और राज्य के अंदर ही सड़क परिवहन दोबारा शुरू किए जाने पर जोर दे रहे हैं। इसके साथ ही पवार आयात-निर्यात को बढ़ावा देने के लिए उद्योगपतियों और विशेषज्ञों से विचार-विमर्श करने भी जोर दे रहे हैं।














