
कस्बे में सोमवार सुबह करीब 10 बजे को चार युवकों ने सेल टैक्स अधिकारी बनकर किराना व्यापारी को ठग लिया। जसनगर कस्बे के बस स्टैड पर किराना व्यापारी बाबूलाल पुत्र भैराराम माली की दुकान पर चार युवक इनोवा गाड़ी लेकर आए तथा खुद को सेल टैक्स अधिकारी बताते हुए कार्रवाई की धमकी दी तथा उससे 75 हजार रूपए नगदी की ठगी करके फरार हो गए।
जानकारी अनुसार बस स्टेंड पर किराना का व्यापारी बाबूलाल रोजाना की तरह अपनी दुकान पर बैठा था कि अचानक एक ईनोवा गाड़ी उनकी दुकान के आगे आकर रुकी तथा उसमें से चार युवक एक साथ उतरे तथा खुद को सेल टैक्स अधिकारी बताते हुए किराने का सामान चेक किया। इस दौरान उन्होंने कार्रवाई के लिए डराया तथा 75 हजार रुपए ले लिए।
ऑनलाइन ठगी के बाद अब नया तरीका
जिले भर में कई बार ओनलाइन ठगी का शिकार कई लोग हो चुके है। सोशल साइटों को हैक करके रिश्तेदारों, मित्रों आदि से रूपए मांगकर ठगी करने के कई मामले अब तक सामने आ चुके है। इन मामलों में पुलिस कुछ खुलासा करती उससे पहले ठग नए नए तरीकों से अपना धंधा चला रहे है।
उल्लेखनीय है कि ठगी के मामले दिनोंदिन बढ़ते जा रहे है और पुलिस द्वारा कार्रवाईयां कम होती जा रही है। नतीजतन आमजन को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जसनगर में हुई घटना के बाद लोगों ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग की। खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज कराने को लेकर विचार किया जा रहा था।














