राजस्थान में गहलोत सरकार ने लॉकडाउन 4 में छूट का दायरा और बढ़ा दिया गया है। राजस्थान सरकार ने सोमवार देर रात एक आदेश जारी कर तंबाकू-गुटखा की बिक्री पर लगी रोक हटा ली है। राज्य सरकार के इस फैसले के बाद बिड़ी-सिगरेट और पान-तंबाकू के तलबगारों की जान में जान आई और वे लोग दुकानों की ओर दौड़ पड़े। मंगलवार सुबह भीलवाड़ा शहर में एक तंबाकू की दुकान के बार लंबी कतार लग गई। इस दौरान लोगों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान नहीं रखा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग की पालन करवाई। इसके बावजूद भीड़ लगातार बढ़ने के कारण दुकान पर कुछ देर में बंद भी करवा दिया गया।
ऐसा ही कुछ नजारा दौसा जिलें के लालसोट में भी देखने को मिला। जैसे ही यहां बिड़ी-सिगरेट और पान-तंबाकू बेचने की अनुमति मिली तो दुकानों के बाहर लोगों की लाइन लग गई। जैसे ही पुलिस को इस बारे में सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कई जगह सोशल डिस्टेंसिंग की पालना कराने का प्रयास किया लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती रही और धूम्रपान के शौकीन लोग बीड़ी खरीदने में मशगूल नजर आए। लालसोट में जगह-जगह सैकड़ों की संख्या में लोग कतार बद्ध होकर बीड़ी खरीदते हुए नजर आए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ती नजर आई। बीड़ी खरीदने वाले लोग न तो मास्क लगा रहे थे और ना ही सोशल डिस्टेंस रख रहे थे। ऐसे में सरकार द्वारा दी गई इस छूट का दौसा के लालसोट में लोगों ने गलत फायदा उठाया। इसके बाद गोदाम से बीड़ी बेचने के मामले में जिला मजिस्ट्रेट अविचल चतुर्वेदी ने लालसोट एसडीएम को कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं और बीड़ी का विक्रय तत्काल बंद करवा दिया गया।
आपको बता दे, राजस्थान में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे है। मंगलवार को कोरोना के 176 नए मामले सामने आ चुके है। इनमें जयपुर में 21, उदयपुर में 24, झालावाड़ में 12, कोटा में 10, राजसमंद में 11, झुंझुनू और बीकानेर में 5-5, जोधपुर, भीलवाड़ा और नागौर में 4-4, पाली में 10, धौलपुर में 2, सीकर में 19 सिरोही में 27 और भरतपुर में 2 संक्रमित मिला। जिसके बाद कुल पॉजिटिव की संखया 7,476 पहुंच गई।














