हिन्दी सिनेमा के गुजरे जमाने को आज के दौर में टीवी के परदे पर रू-ब-रू देखना बेचैन मन को सुकून देता है। ऐसा कुछ उस वक्त महसूस हुआ जब रविवार की रात को हिन्दी सिने जगत की दो महान तारिकाओं को एक साथ एक मंच पर देखा। मौका था सुपर डांसर-3 का जहाँ पर वहीदा रहमान और आशा पारिख बतौर मेहमान इस शो में पहुँची थीं। शो का वो पल अविस्मरणीय बन गया जब वहीदा रहमान ने 81 वर्ष की उम्र में अपनी क्लासिकल फिल्म ‘गाइड’ के कालजयी गीत ‘कांटों से खींच के ये आंचल. . . तोड़ के बंधन बांधी पायल. . . आज फिर जीने की तमन्ना है आज फिर मरने का इरादा है. . .’ पर शिल्पा शेट्टी के कहने पर डांस किया। विश्व की ख्यातनाम सुन्दरियों में शामिल रहीं वहीदा रहमान ने गहरे हरे रंग की साड़ी पहने जब अपनी बांहों को फैलाते हुए इस गीत पर नृत्य शुरू किया तो जेहन में ‘गाइड’ का यह गीत किसी चलचित्र की भांति चलने लगा जिसमें वहीदा रहमान ने सफेद रंग क्रीम कलर के बॉर्डर वाली साड़ी पहन रखी थी और वो दिल खोलकर अपनी इच्छाओं को अभिव्यक्त कर रही थीं।














