म्यूनिख: जर्मनी के म्यूनिख एयरपोर्ट पर 15 अगस्त को वियतनाम एयरलाइंस की हनोई जाने वाली फ्लाइट VN-34 एक गंभीर स्थिति में फंस गई। Boeing 787-9 विमान के टेकऑफ के दौरान उसकी पूंछ रनवे से टकरा गई। घटना के बाद विमान को तुरंत वापस नहीं उतारा गया, बल्कि करीब दो घंटे तक म्यूनिख के ऊपर उड़ाकर ईंधन कम किया गया। इसके बाद विमान ने सुरक्षित एयरपोर्ट पर वापसी की।
इस घटना में विमान को टेल-स्ट्राइक से नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। विमान में मौजूद सभी 271 यात्रियों और 16 क्रू मेंबर्स के सुरक्षित होने की बात वियतनाम के सरकारी मीडिया ने बताई है।
टेकऑफ के बाद सामने आई परेशानीवियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN-34 ने 15 अगस्त को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 1:45 बजे म्यूनिख से हनोई के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए टेकऑफ के वीडियो में विमान को रनवे पर तेजी से आगे बढ़ते देखा जा सकता है। इसी दौरान टक्कर जैसी तेज आवाज सुनाई देती है और विमान की पूंछ रनवे से संपर्क करती नजर आती है। विमान के ऊपर उठने के बाद पीछे की तरफ धूल का गुबार भी दिखाई देता है।
करीब 9,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ता रहा विमानटेल-स्ट्राइक के बाद विमान को तत्काल लैंड नहीं कराया गया। विमान करीब 9,000 फीट की ऊंचाई पर म्यूनिख के ऊपर लगभग दो घंटे तक चक्कर लगाता रहा।
इस दौरान विमान से ईंधन कम करने के लिए हवा में फ्यूल डिस्चार्ज किया गया। पर्याप्त ईंधन कम करने के बाद फ्लाइट को वापस म्यूनिख एयरपोर्ट लाया गया, जहां उसने सुरक्षित लैंडिंग की।
विमान में सवार सभी लोग सुरक्षितवियतनाम के सरकारी मीडिया के अनुसार, विमान में 271 यात्री और 16 क्रू सदस्य मौजूद थे। घटना के बावजूद सभी लोग सुरक्षित रहे। इससे पहले वियतनाम एयरलाइंस ने विमान के वापस लौटने की वजह तकनीकी खराबी बताई थी।
हालांकि, सामने आए टेकऑफ वीडियो में विमान की पूंछ के रनवे से टकराने का दृश्य भी दिखाई देता है। घटना के बाद विमान के टेल सेक्शन को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी गई है।
म्यूनिख एयरपोर्ट का नॉर्थ रनवे किया गया बंदघटना के बाद म्यूनिख एयरपोर्ट प्रशासन ने अपनी वेबसाइट के जरिए नॉर्थ रनवे को बंद किए जाने की जानकारी दी थी। एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी बताया था कि रनवे बंद रहने के कारण हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है और कुछ उड़ानों में देरी संभव है।
फ्लाइट VN-34 ने म्यूनिख से उड़ान भरने के लिए साउथ रनवे का इस्तेमाल किया था, जबकि वापस लौटने पर विमान को नॉर्थ रनवे पर उतारा गया। इसके बाद सुरक्षा कारणों से नॉर्थ रनवे को बंद कर दिया गया।