Pakistan Vs India: T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का इनकार, पाकिस्तानी बोले – 'मर जाएंगे, लेकिन...'

T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर पाकिस्तान ने बड़ा फैसला लिया है। पाकिस्तान सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मैच उनकी टीम नहीं खेलेगी। इस फैसले के बाद पाकिस्तान में इस मुद्दे पर सार्वजनिक चर्चा तेज हो गई है। पाकिस्तानी महिला यूट्यूबर सना अमजद ने सड़कों पर जाकर आम लोगों से बातचीत की, जिसमें उनके विचार और राय सामने आए।

सड़कों पर आम लोगों की प्रतिक्रिया

सना अमजद से बातचीत में एक व्यक्ति ने कहा कि पाकिस्तान सरकार का फैसला सही है। उन्होंने कहा, हम भूखे मर जाएंगे, लेकिन भारत के खिलाफ क्रिकेट नहीं खेलेंगे। पैसे और दौलत से ज्यादा इज्जत मायने रखती है। कई लोगों ने यह भी कहा कि यह कदम बांग्लादेश के साथ हुई कथित अन्यायपूर्ण स्थिति के कारण उठाया गया है और पाकिस्तान ने सही समय पर स्टैंड लिया।

बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान


आम जनता का मानना है कि यदि भारत-पाकिस्तान का मैच किसी तीसरे देश में कराया जा सकता है, तो बांग्लादेश को भी वही अवसर मिलना चाहिए था। लोगों का कहना है कि ICC और भारत ने बांग्लादेश के साथ अनुचित व्यवहार किया, इसलिए पाकिस्तान ने उनके समर्थन में कदम उठाया। एक शख्स ने कहा, बांग्लादेश हमारे भाई हैं। अगर उनके साथ अन्याय होगा, तो पाकिस्तान आवाज उठाएगा।

टीम जर्सी लॉन्च पर रोक

इस फैसले के बाद पाकिस्तान ने अपनी नई टीम जर्सी का लॉन्च भी रोक दिया है। लोगों का कहना है कि जर्सी पर भारत का नाम लिखना जरूरी नहीं है। कुछ ने सुझाव दिया कि केवल न्यूट्रल देशों जैसे श्रीलंका का नाम जर्सी पर होना चाहिए।

खेल और राजनीति को लेकर अलग-अलग राय

कुछ पाकिस्तानी लोगों का कहना है कि खेल और राजनीति अलग-अलग रहना चाहिए। उनका मानना है कि भारत-पाकिस्तान मैच पूरी दुनिया देखना पसंद करती है और इससे खेल को नुकसान हो सकता है। वहीं, कुछ का कहना है कि जब सामने वाला देश खेल को राजनीति से जोड़ता है, तो जवाब देना जरूरी हो जाता है।