पाकिस्तान के पेशावर शहर में सोमवार की सुबह अर्धसैनिक बल (FC) के मुख्यालय पर एक भयंकर हमला हुआ। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ सशस्त्र हमलावरों ने FC मुख्यालय पर गोलीबारी शुरू कर दी। घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया। वहीं, पेशावर के नागरिकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया कि उन्होंने FC मुख्यालय की ओर से जोरदार धमाके जैसी आवाजें सुनीं। फिलहाल सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और मामले की तहकीकात जारी है।
दो धमाके और अफरातफरी
जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पेशावर के FC मुख्यालय पर हमला सुबह 8:10 बजे हुआ। इस हमले के दौरान दो जोरदार धमाके हुए और हमलावरों ने गोलियां चलाकर अफरातफरी मचा दी। सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके को कोर्डन ऑफ कर दिया और आसपास की सड़कें बंद कर दीं।
हमलावरों की मौत और आत्मघाती हमला
सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि हमले में तीन आतंकवादी मारे गए। मुख्यालय के गेट पर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा दिया, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी है और घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन जारी है। सोशल मीडिया पर घटनाक्रम की झलक
सोशल मीडिया पर पेशावर के FC मुख्यालय पर हुए इस हमले के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें लगातार गोलीबारी की आवाजें सुनाई दे रही हैं। स्थानीय लोग और सुरक्षा अधिकारी लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी है और हमले की गहन जांच की जा रही है।