इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में एक बार फिर हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। हरनाई जिले के शहराग इलाके में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ARY न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने शेख मूसा बाबा चौक के पास एक अस्थायी जांच चौकी बना रखी थी, जहां वे आने-जाने वाले लोगों के कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र (CNIC) की जांच कर रहे थे। इसी दौरान हालात अचानक बिगड़ गए।
भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां, विरोध के बाद बढ़ा तनावस्थानीय सूत्रों के मुताबिक, जब कुछ लोगों ने इस तरह की जांच का विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ते ही हथियारबंद लोगों ने भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने क्वेटा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान जमान शाह, जिया-उल-हक, अब्दुल काहिर, जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के स्थानीय नेता मौलवी जाहिद शाह और इकरामुल्लाह शाह के रूप में की गई है। वहीं घायलों में नासिर शाह, मुल्ला समद और साकिब शाह शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कराची में नवविवाहित जोड़े की हत्या से सनसनीइससे पहले पाकिस्तान के ही कराची शहर में भी एक दर्दनाक वारदात ने सभी को झकझोर दिया था। सोमवार को एक नवविवाहित दंपती को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई जब दोनों अपनी शादी को कानूनी मान्यता दिलाने के बाद अदालत से वापस लौट रहे थे।
डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही दंपती अदालत परिसर से बाहर निकला, अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और सऊदाबाद इलाके के आरसीडी मैदान के पास उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। कोरंगी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिदा हुसैन जनवारी ने पुष्टि की कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार से विरोध के बाद हुई शादी, जांच में सामने आए चौंकाने वाले पहलूपुलिस जांच में इस मामले को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस हत्या में महिला के परिजन शामिल हो सकते हैं। इससे पहले महिला के परिवार ने उसके लापता होने की शिकायत सचल पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर अपनी पसंद से शादी की थी। उसने मलिर कोर्ट में बयान देकर साफ कहा था कि उसने यह विवाह अपनी इच्छा से किया है और किसी प्रकार का दबाव नहीं था। दंपती ने अदालत में निकाहनामा भी प्रस्तुत किया था ताकि उनकी शादी को कानूनी मान्यता मिल सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में परिवार के कुछ सदस्यों की भूमिका पर संदेह गहराया है और उनकी तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।