न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, फायर ट्रक से टकराया Air Canada Express विमान; कई घायल

न्यूयॉर्क: अमेरिका के व्यस्ततम हवाई अड्डों में शुमार ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एक गंभीर विमान दुर्घटना ने हड़कंप मचा दिया। एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान रनवे पर खड़े फायर ट्रक से टकरा गया, जिससे विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने ‘मास कैजुअल्टी’ घोषित कर दिया और पूरे इलाके में आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 विमान था, जिसमें करीब 100 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विमान के फ्रंट सेक्शन के परखच्चे उड़ गए और कॉकपिट पूरी तरह प्रभावित हुआ। दुर्घटना के बाद ला गार्डिया एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और सभी उड़ानों को जॉन एफ. केनेडी (JFK) एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

हादसे की वजह को लेकर शुरुआती रिपोर्ट्स में बताया गया है कि फायर ट्रक में पांच फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स मौजूद थे, जो आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात थे। टक्कर के बाद इन सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों यात्री और क्रू सदस्य घायल हुए हैं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायलों की संख्या 70 से अधिक हो सकती है, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। विशेष रूप से नोज और कॉकपिट क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि इमरजेंसी टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

एयर कनाडा ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कंपनी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिवारों से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही, जांच एजेंसियां इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) ने भी इस घटना की पुष्टि की है। वहीं, न्यूयॉर्क सिटी फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता के अनुसार, उन्हें रात करीब 11:38 बजे रनवे पर विमान और एक वाहन के बीच टक्कर की सूचना मिली थी। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

गौरतलब है कि ला गार्डिया एयरपोर्ट पहले भी ग्राउंड ऑपरेशंस से जुड़े हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। वर्ष 2025 में यहां टैक्सीवे पर कई छोटे-मोटे हादसे सामने आए थे। ऐसे में इस ताजा दुर्घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।