काठमांडू: नेपाल में राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उन्हें भक्तपुर के गुंडू स्थित आवास से हिरासत में लिया। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें सितंबर 2025 में हुए जेन-जी विरोध प्रदर्शनों के दौरान कथित गैर इरादतन हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पूर्व गृह मंत्री भी गिरफ्तारी के दायरे मेंनेपाल के पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व में नई सरकार बनने के तुरंत बाद हुई। इसे जेन-जी मामलों पर सरकार की सख्ती और किसी भी समझौते की गुंजाइश न होने का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।
बालेन ने शुक्रवार को ली थी शपथ
35 वर्षीय बालेन शाह, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के संसदीय दल के नेता, शुक्रवार को नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। वह अब तक के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने हैं। कुछ साल पहले तक बालेन की पहचान रैपर के रूप में थी, बाद में वह मेयर बने और फिर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे।
बालेन के शपथ लेने के तुरंत बाद पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली की गिरफ्तारी ने नेपाल की राजनीतिक हवा में तूफ़ान ला दिया।
मामले की पृष्ठभूमिसितंबर 2025 में नेपाल में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे, जिनमें अधिकतर जेन-जी युवा शामिल थे। इन प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़क गई और दो दिन में 70 से अधिक लोगों की मौत हुई। उस समय ओली की सरकार सत्ता में थी, लेकिन हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के दबाव के कारण उनकी सरकार गिर गई। अब, उन मौतों और दमन के आरोपों से जुड़े मामलों में केपी शर्मा ओली को हिरासत में लिया गया है।