मेक्सिको में तेज रफ्तार बस पलटी, हादसे में 10 की मौत, 32 घायल

मेक्सिको में बुधवार, 24 दिसंबर को क्रिसमस से एक दिन पहले एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार बस पलट गई। इस दुर्घटना में एक बच्चे समेत 10 लोगों की मौत हुई और 32 लोग घायल हुए हैं।

तेज रफ्तार और हादसे का कारण

वेराक्रूज की स्थानीय प्रशासन ने गुरुवार, 25 दिसंबर को जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा जोंटेकोमाटलान कस्बे में हुआ। हादसे वाली बस मैक्सिको सिटी से चिकोंटेपेक गांव जा रही थी। शुरुआती जांच में हादसे के पीछे तेज गति या किसी मैकेनिकल खराबी की संभावना जताई जा रही है।

जोंटेकोमाटलान के मेयर कार्यालय ने बयान में कहा, हम इस हादसे में नौ वयस्क और एक बच्चे की मौत की पुष्टि करते हैं। नगर पालिका ने घायल हुए 32 लोगों की सूची भी जारी की और यह जानकारी दी कि वे किस अस्पताल में भर्ती हैं।

मेक्सिको में सड़क हादसों का बढ़ता आंकड़ा

मेक्सिको में सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आमतौर पर बस और ट्रक तेज गति से चलने या यांत्रिक खराबी के कारण दुर्घटना का शिकार होते हैं।

नवंबर के अंत में भी पश्चिमी राज्य मिचोआकान में एक ऐसा ही हादसा हुआ था, जिसमें 10 लोगों की मौत हुई और 20 लोग घायल हुए थे। अब मात्र एक महीने बाद फिर एक इसी तरह का दर्दनाक हादसा सामने आया है।