लंदन से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक 26 वर्षीय भारतीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह वारदात पश्चिमी लंदन के साउथहॉल इलाके में हुई, जिससे पूरे समुदाय में दहशत का माहौल फैल गया है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, यह हमला शनिवार रात डॉर्मर्स वेल्स लेन जंक्शन के पास हुआ, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने गुरभेज सिंह पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी निशाना बनाया गया, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ और प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल पहुंचने के बाद मौतपुलिस ने पुष्टि की है कि गंभीर रूप से घायल गुरभेज सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बहने और कई चाकू के घावों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लंदन पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक कम से कम सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। घटना की जानकारी सबसे पहले लंदन एम्बुलेंस सर्विस ने पुलिस को दी थी, जिसके बाद मौके पर आपातकालीन टीमें पहुंचीं।
पुलिस जांच और CCTV की तलाशमेट्रोपॉलिटन पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी एलिसन फॉक्सवेल ने बताया कि यह एक गंभीर हत्या का मामला है और इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह हमला बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे एक दुकान के पास हुआ था।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों से CCTV फुटेज जुटाने की कोशिश कर रही है और लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ा कोई वीडियो या जानकारी हो तो वह जांच में सहयोग करे। अधिकारियों ने यह भी कहा कि मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति ने यदि कुछ देखा है, तो वह आगे आकर बयान दर्ज कराए।
परिवार को सहायता और जांच जारीपुलिस ने बताया कि गुरभेज सिंह के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है और जांच टीम सबूतों तथा गवाहों के बयान के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूरी जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।
गौरतलब है कि ब्रिटेन में इन दिनों इमिग्रेशन और पब्लिक सेफ्टी को लेकर पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, और ऐसे समय में इस भारतीय युवक की हत्या ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गिरफ्तारियों में बड़ा अपडेटपुलिस ने बताया कि हत्या के संदेह में मौके से 20 से 40 वर्ष की उम्र के कुल सात पुरुषों को गिरफ्तार किया गया था। शुरुआती जांच के बाद इनमें से छह लोगों को छोड़ दिया गया है, जबकि एक व्यक्ति को जमानत पर रिहा किया गया है।
गौरतलब है कि गुरभेज सिंह का परिवार लंदन में ही रहता है। पुलिस अब भी इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना है।