ईरान से बड़ी खबर सामने आई है। कुछ दिन पहले अमेरिका और इज़रायल के संयुक्त सैन्य हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हुई थी। इस हमले में उनकी पत्नी मंसूरे खोजस्ते बागेरज़ादेह भी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और उनका उपचार अस्पताल में चल रहा था। अब ताज़ा जानकारी के अनुसार, उनकी पत्नी मंसूरे खोजस्ते बागेरज़ादेह का उपचार के दौरान निधन हो गया है। ईरानी तसनीम समाचार एजेंसी ने इस बात की पुष्टि की है कि खामेनेई की पत्नी भी उसी हमले की शिकार हुईं थीं जिसमें उनके पति की जान गई। हमले के समय खामेनेई के साथ थीं पत्नी
मंसूरे खोजस्ते बागेरज़ादेह की उम्र 79 वर्ष थी और उनका जन्म ईरान के मशहद शहर में हुआ था। वह आईआरआईबी (इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग) के पूर्व उप निदेशक हसन खोजस्ते बागेरज़ादेह की बहन थीं। घटना के समय वह खामेनेई के तेहरान परिसर में उनके साथ मौजूद थीं। हमले में खामेनेई की मृत्यु के साथ ही उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुईं। इसके अलावा खामेनेई की बेटी और दामाद की भी उसी हमले में मौत हो गई। फिलहाल, ईरान ने कई खाड़ी देशों के खिलाफ कड़े कदम उठाने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से किया हमला
शनिवार को मध्य-पूर्व में तनाव तब चरम पर पहुंच गया जब अमेरिका और इज़रायल ने ईरान के कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले किए। इन हमलों में ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई का कार्यालय भी निशाने पर रहा। रविवार को इस हमले में खामेनेई की मौत हो गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के अनुसार, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है और अमेरिका के खिलाफ मिसाइल विकास में लगा हुआ है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक वीडियो संदेश में ईरानी जनता से अपील की कि वे खामेनेई शासन के खिलाफ खड़े हों और अपनी सरकार बनाने के लिए कदम उठाएं।