Israel-Iran War: बादलों से अचानक प्रकट हुई ईरानी मिसाइल, इजरायल में मचाई तबाही, VIDEO ने हिला दिया सोशल मीडिया

ईरान की मिसाइलें लगातार इजरायल और अमेरिका के एंटी एयर डिफेंस सिस्टम के लिए चुनौती बनी हुई हैं। बृहस्पतिवार की रात ऐसा ही एक नया हमला सामने आया, जब ईरानी मिसाइल ने इजरायल के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देते हुए अपने लक्ष्य को भेद लिया। मिसाइल ने अचानक बादलों के बीच से प्रकट होकर पलक झपकते ही इजरायल के पेताह तिकवा शहर में भयंकर धमाका किया। इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर पूरी दुनिया हैरान है। यह वीडियो आरटी डॉट कॉम ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शेयर किया है।

बादलों से उभरती मिसाइल ने किया चौंकाने वाला हमला

वीडियो में देखा जा सकता है कि घने बादलों के बीच से एक चमकती हुई मिसाइल तेज गति से नीचे आती है और कुछ ही सेकंड में पेताह तिकवा शहर में जोरदार विस्फोट करती है। विस्फोट के बाद इलाके में आग और धुएं की लपटें फैल गईं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यह दृश्य बेहद भयानक नजर आ रहा है, जिसमें आसमान में घने बादल छाए हुए थे और अचानक मिसाइल की चमक देखने को मिली।
मिसाइल के हमले से इलाके में हड़कंप

स्थानीय इजरायली नागरिकों ने बताया कि मिसाइल गिरते ही जोरदार आवाज़ और धरती में कंपन्न महसूस हुआ। यह हमला तेल अवीव से कुछ ही किलोमीटर दूर स्थित पेताह तिकवा के औद्योगिक और आवासीय क्षेत्र को लक्षित कर रहा था। हालांकि, अभी तक हमले में हुई वास्तविक जान-माल की हानि का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में भारी नुकसान की खबरें हैं। ईरानी मीडिया ने इसे “सफल हमला” बताया है।

ईरान की उन्नत मिसाइल प्रणाली

ईरानी सैन्य सूत्रों के अनुसार यह मिसाइल ईरान की अत्याधुनिक बैलिस्टिक मिसाइलों में शामिल है, जिसने इजरायली एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देते हुए लक्ष्य भेद किया। इजरायली सेना ने इस हमले की पुष्टि की है। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय और रक्षा बलों (IDF) ने कहा कि पेताह तिकवा में मिसाइल हमला हुआ है, लेकिन उन्होंने और विवरण साझा करने से इनकार किया। इजरायल की आयरन डोम, डेविड्स स्लिंग और एरो-3 मिसाइल सिस्टम ने कई मिसाइलों को रोक लिया, लेकिन इस एक मिसाइल ने सफलता से अपना लक्ष्य भेद लिया।