ईरान और अमेरिका के बीच शांति की संभावना? ट्रंप के बयान ने मचा दी वैश्विक हलचल

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान ने वैश्विक स्तर पर तहलका मचा दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपनी रणनीति में सफलता हासिल कर ली है और अब दोनों देशों के बीच डील होने की राह खुल गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान अब कभी भी परमाणु हथियार विकसित नहीं कर सकेगा और इस मुद्दे पर दोनों पक्षों में सहमति बन चुकी है।

ट्रंप ने गृह सुरक्षा मंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में बोलते हुए कहा, हम अभी बातचीत कर रहे हैं। मैं स्पष्ट कर दूं कि वे डील करना चाहते हैं। आखिर कौन नहीं करना चाहेगा? उनकी नौसेना, उनकी वायुसेना और संचार व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई है। उनके पास जो भी था, वह लगभग खत्म हो चुका है।

‘हम बड़े बिजली संयंत्र को भी तबाह करने वाले थे’

ट्रंप ने आगे कहा, हमने एक बड़ी योजना बनाई थी, जिसमें दुनिया के सबसे बड़े बिजली संयंत्रों में से एक को निशाना बनाया जाना था, लेकिन बातचीत के कारण इसे रोका गया। हम युद्ध में पूरी तरह सफल रहे हैं। तेहरान और अन्य क्षेत्रों पर हमारी हवाई कार्रवाई प्रभावी रही। अब ईरान डील करने के लिए मजबूर है। उनकी सेना तबाह हो चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान के पास अब कोई परमाणु हथियार नहीं होंगे और अमेरिका डील करने की सर्वोत्तम स्थिति में है।
‘ईरान ने दिया कीमती तोहफा’

ट्रंप ने बताया कि ईरान ने अमेरिका को तेल और गैस से संबंधित एक बड़ा और महत्वपूर्ण “तोहफा” दिया है। उन्होंने कहा, यह तोहफा बेहद अहम था और इससे स्पष्ट हुआ कि हम सही लोगों से डील कर रहे हैं। यह हार्मुज स्ट्रेट में फ्लो से जुड़ा था। पुराने सुप्रीम लीडर खामेनेई अब पीछे हट चुके हैं और नई नेतृत्व टीम के साथ हम डील कर रहे हैं। पुरानी नेतृत्व टीम ने सारी परेशानियाँ पैदा की थीं, अब स्थिति बदल गई है।

ट्रंप ने यह भी माना कि वह ईरान पर पूरी तरह भरोसा नहीं करते, लेकिन वर्तमान नेतृत्व समझदारी और संवाद के मार्ग पर चल रहा है। उनका दावा है कि यह बदलाव अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति और डील की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है।