ईरान ने अपने सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर वैश्विक स्तर पर चेतावनी जारी की है। ईरानी सैन्य कमांडर सैयद मजीद मुसावी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि ईरानी मिसाइल वर्चस्व अब अधिकृत क्षेत्रों के आकाश में पूरी तरह स्पष्ट होगा। मुसावी ने लिखा, इस क्षण से, मैं ईरानी मिसाइल वर्चस्व की घोषणा करता हूं। आगामी हमलों में इस्तेमाल होने वाली नई रणनीति और प्रक्षेपण प्रणालियां अमेरिकी-जायोनी कमांडरों को चौंका देंगी। आज रात दक्षिणी क्षेत्र का आकाश कई घंटों तक जगमगाएगा।
बता दे, शनिवार को ईरान ने 4000 किलोमीटर तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइलें डिएगो गार्सिया की दिशा में दागी थीं। इस हमले ने इजरायल और अमेरिका में हड़कंप मचा दिया और वैश्विक सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर ला दिया।
IDF ने विश्व समुदाय को किया सचेतइजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने X पर साझा किया कि, ईरानी आतंकवादी शासन ने ऑपरेशन रोरिंग लायन के बाद पहली बार लंबी दूरी की मिसाइल का परीक्षण किया। जून 2025 में ऑपरेशन राइजिंग लायन के दौरान हमने पहले ही चेतावनी दी थी कि ईरान 4,000 किलोमीटर मारक क्षमता वाली मिसाइलें विकसित कर रहा है, जो यूरोप, एशिया और अफ्रीका के कई देशों के लिए गंभीर खतरा है।
आईडीएफ ने स्पष्ट किया कि ईरान ने क्षेत्र के 12 देशों पर पहले ही हमले किए हैं और अब उनकी नई मिसाइल प्रणाली कहीं अधिक व्यापक खतरा उत्पन्न कर सकती है। उनकी यह क्षमता अब लंदन, पेरिस और बर्लिन जैसी यूरोपीय राजधानी तक मार करने में सक्षम है, जिससे वैश्विक सुरक्षा खतरे में है।
नेतन्याहू की बढ़ती चिंता और तैयारियाँइजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने X पर पोस्ट कर देशवासियों को विश्वास दिलाया कि सरकार सभी मोर्चों पर तत्पर है। उन्होंने लिखा, आज की शाम हमारे लिए बेहद चुनौतीपूर्ण है। अभी थोड़ी देर पहले मैंने अराद के मेयर यायर मायान से बातचीत की और घायलों के लिए हमारी प्रार्थनाएँ व्यक्त कीं। मैंने अपने कार्यालय के महानिदेशक को सभी सरकारी मंत्रालयों के साथ मिलकर आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नेतन्याहू ने आगे कहा कि वे आपातकालीन और बचाव बलों को और सुदृढ़ कर रहे हैं और नागरिकों से गृह मोर्चा कमान के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इजरायल सभी मोर्चों पर अपने दुश्मनों के खिलाफ कड़ा और निर्णायक प्रहार जारी रखेगा।