दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में चाकूबाजी की घटना के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और विमान में मौजूद यात्रियों तथा चालक दल को हमलावर पर काबू पाने में मदद की। इस घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन माछर की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा हीरो बताया है।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कैप्टन स्मित माछर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने और चाकू से हमला किए जाने के बाद भी भारतीय पायलट ने साहस बनाए रखा। उनके मुताबिक, माछर ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को हमलावर को काबू करने में सहायता की। नेतन्याहू ने कहा कि इस कार्रवाई से एक बड़े विमान हादसे को टालने में मदद मिली।
इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि कैप्टन माछर की बहादुरी की वजह से विमान में सवार इजरायली नागरिकों सहित 174 लोगों की जान बचाने में मदद मिली। उन्होंने भारतीय पायलट के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्हें सच्चा हीरो बताया।
गंभीर रूप से घायल हुए कैप्टन स्मित माछरघटना के दौरान भारतीय पायलट स्मित माछर को गंभीर चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने उनकी स्थिति को लेकर जानकारी दी है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
भारतीय दूतावास ने कहा कि पायलट के स्वास्थ्य से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए अभी और अपडेट का इंतजार करना होगा। दूतावास के मुताबिक, उसे कैप्टन माछर के परिवार से संपर्क में है और परिवार को भरोसा दिलाया गया है कि भारतीय अधिकारी सऊदी अधिकारियों के साथ लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते रहेंगे।
दूतावास ने उम्मीद जताई कि कैप्टन माछर जल्द स्वस्थ होंगे।
इजरायली यात्रियों के साहस की भी हुई तारीफफ्लाइट में हुई घटना के बाद संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत डेनी डेनन ने भी विमान में मौजूद इजरायली यात्रियों के साहस की सराहना की। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान को घटना के बाद आपात स्थिति में उतारना पड़ा था।
डेनन ने इजरायली यात्रियों के वापस लौटने का स्वागत करते हुए कहा कि संकट के समय उन्होंने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उनके अनुसार, यात्रियों ने निर्णायक कदम उठाए, स्थिति को संभालने में मदद की और लोगों की जान बचाने में योगदान दिया।
इस घटना में कैप्टन स्मित माछर के घायल होने के बावजूद उनकी ओर से दिखाई गई तत्परता और साहस ने उन्हें मिली अंतरराष्ट्रीय प्रशंसा का केंद्र बना दिया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इजरायली राजदूत डेनी डेनन, दोनों ने घटना के दौरान यात्रियों और चालक दल की भूमिका की सार्वजनिक रूप से सराहना की है।