'आज रात हम उन पर जोरदार हमला करेंगे...,' समझौता खत्म होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर दी सख्त चेतावनी

ईरान के साथ किसी भी संभावित समझौते को समाप्त मानने के ऐलान के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर तेहरान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। ट्रंप ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर बड़ा सैन्य कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा, हम आज रात उन पर बड़ा हमला करेंगे। उनके इस बयान ने एक बार फिर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को हवा दे दी है।

तुर्किये की राजधानी अंकारा में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने ईरान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, संभव है कि मैं आज रात उन्हें फिर से कड़ी सजा दूं। मैं उन्हें पहले ही चेतावनी दे रहा हूं। वे हर दिन समझौते की शर्तों का उल्लंघन करते हैं। वे लगातार झूठ बोलते हैं, धोखा देते हैं और निर्दोष लोगों की जान लेते हैं। इतना ही नहीं, ईरान ने हमारे एयरक्राफ्ट कैरियर को भी निशाना बनाया।
ट्रंप ने ईरान की वार्ता टीम पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि बंद कमरे में हुई बातचीत को लेकर दुनिया के सामने गलत तस्वीर पेश की गई। उनके मुताबिक, बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा हुई, ईरानी प्रतिनिधियों ने उसके बारे में सच्चाई नहीं बताई और भ्रामक दावे किए। उन्होंने कहा कि इस रवैये से साफ है कि तेहरान बातचीत को गंभीरता से नहीं ले रहा और लगातार अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने के लिए किसी नए समझौते की आवश्यकता नहीं है। उनका कहना था कि अमेरिका अपने उद्देश्य को हासिल करने के लिए किसी औपचारिक डील पर निर्भर नहीं रहेगा। ट्रंप ने कहा, मुझे खुद भी नहीं पता कि आखिर कोई समझौता होगा या नहीं। हो सकता है कि हम बिना किसी डील के ही अपना लक्ष्य हासिल कर लें, क्योंकि सच कहूं तो वह रास्ता ज्यादा आसान है। उनके इस बयान को ईरान के प्रति बेहद आक्रामक रणनीति का संकेत माना जा रहा है।