वॉशिंगटन में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम पर जानकारी दी। उन्होंने इस दौरान सीक्रेट सर्विस और सुरक्षा बलों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि उनकी त्वरित और साहसिक कार्रवाई के कारण एक बड़ी त्रासदी टल गई। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कैबिनेट के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने यह भी बताया कि हमलावर को पकड़ लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। एक पुलिस अधिकारी को गोली लगने की पुष्टि करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह अब खतरे से बाहर है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राष्ट्रपति ने हमलावर के बारे में भी अहम जानकारी साझा की। उनके अनुसार, संदिग्ध की पहचान कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 31 वर्ष बताई जा रही है और वह कैलिफोर्निया का निवासी है। ट्रंप ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह इस हमले को अंजाम देने में कैसे सफल हुआ। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसके पास एक से अधिक हथियार मौजूद थे, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर भी घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा था कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करते हुए उन्होंने तुरंत कार्यक्रम स्थल खाली कर दिया। उन्होंने यह भी दोहराया कि वह, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति वेंस और अन्य कैबिनेट सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि यह घटना उस समय हुई जब वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में डिनर कार्यक्रम चल रहा था। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर जैसे हाई-प्रोफाइल आयोजन के बीच अचानक फायरिंग की आवाज ने सभी को चौंका दिया और कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को काबू में कर लिया और हालात को संभाल लिया।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर उच्च स्तरीय कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, ट्रंप ने भरोसा जताया कि सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।