बीजिंग से एक बेहद गंभीर और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चीन के उत्तरी प्रांत शानशी में स्थित एक कोयला खदान में जोरदार विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक कम से कम 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 38 मजदूर अभी भी खदान के अंदर फंसे हुए बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने हादसे की विस्तृत जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के समय खदान में कुल 247 मजदूर काम कर रहे थे।
247 मजदूर थे मौजूद, बड़ी संख्या में लोगों को निकाला गयासरकारी मीडिया एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार यह हादसा चांगझी शहर की लियुशेन्यू कोयला खदान में शुक्रवार शाम को हुआ। विस्फोट के समय बड़ी संख्या में मजदूर खदान के अंदर मौजूद थे, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 201 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बाकी फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राहत दल कठिन परिस्थितियों के बावजूद खदान के अंदर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
फिलहाल विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है और विशेषज्ञों की टीम इसकी जांच में जुटी हुई है।
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए सख्त निर्देशइस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गहरी चिंता जताई है और बचाव अभियान को पूरी ताकत के साथ तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए और फंसे हुए मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
इसके साथ ही उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके और दोषियों को जवाबदेह ठहराया जा सके।