'30 से अधिक पाकिस्तानी जवान ढेर', ग्वादर में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड कैंप पर BLA का बड़ा हमला

ग्वादर: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले के जिवानी क्षेत्र स्थित पनवान इलाके में शुक्रवार शाम पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक कैंप पर बड़ा हमला किए जाने का दावा किया गया है। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कहा है कि कार्रवाई में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के 30 से ज्यादा जवान मारे गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

'विस्फोटकों से लदा माजदा ट्रक सीधे कैंप के भीतर पहुंचाया'

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों, विशेषकर द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, BLA ने बताया कि यह हमला उसके विशेष आत्मघाती दस्ते मजीद ब्रिगेड द्वारा अंजाम दिया गया। संगठन के दावे के मुताबिक, उसके सदस्य अताउल्लाह बलोच उर्फ अजमल ने शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे विस्फोटकों से भरे एक माजदा ट्रक को पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के किलेनुमा कैंप के भीतर पहुंचाकर विस्फोट कर दिया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरे इलाके में उसकी गूंज सुनाई दी।

BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने अपने बयान में कहा,

इस भीषण विस्फोट के बाद कोस्ट गार्ड का किले जैसा बना कैंप पूरी तरह ध्वस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया।

'विस्फोट के बाद चारों दिशाओं से बोला गया हमला'


संगठन के मीडिया विंग हक्काल ने इस घटना से जुड़ा 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में कथित तौर पर विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप के अंदर प्रवेश करता दिखाई देता है और कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाका होता है। इसके बाद साझा किए गए अन्य वीडियो में कैंप के बड़े हिस्से के पूरी तरह तबाह होने का दावा किया गया है।

BLA का कहना है कि शुरुआती विस्फोट के तुरंत बाद उसके विशेष लड़ाकू दस्ते फतेह स्क्वाड ने पूर्व निर्धारित रणनीति के तहत चारों तरफ से कैंप पर एक साथ हमला बोल दिया। संगठन के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई बेहद सुनियोजित और समन्वित तरीके से अंजाम दी गई।
'30 से ज्यादा जवानों के मारे जाने का दावा'

अपने बयान में BLA ने कहा, हमले के तुरंत बाद हमारी अग्रिम इकाई फतेह स्क्वाड ने तेजी से आगे बढ़ते हुए चारों दिशाओं से पहले ही तबाह हो चुके कैंप पर कब्जा करने की कार्रवाई शुरू कर दी। संगठन का दावा है कि इसके बाद उसके लड़ाकों और वहां मौजूद कोस्ट गार्ड कर्मियों के बीच नजदीकी मुठभेड़ हुई, जिसमें 30 से अधिक पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए।

प्रवक्ता जीयंद बलोच ने आगे कहा,

घायलों की गंभीर स्थिति और मलबे के नीचे दबे सुरक्षाकर्मियों को देखते हुए मृतकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की आशंका है।

पाकिस्तान की ओर से नहीं आई आधिकारिक पुष्टि

BLA ने कहा है कि इस पूरे अभियान का विस्तृत ब्यौरा वह जल्द ही अपने आधिकारिक मंचों के माध्यम से सार्वजनिक करेगा। संगठन ने यह भी दोहराया कि जब तक बलूचिस्तान की पूर्ण स्वतंत्रता हासिल नहीं हो जाती, तब तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ उसका सशस्त्र अभियान इसी तरह जारी रहेगा।

हालांकि, पाकिस्तान की सेना या सरकार की ओर से अब तक इस हमले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न ही कथित तौर पर मारे गए जवानों, घायलों की संख्या या कैंप को हुए नुकसान की पुष्टि की गई है। ऐसे में BLA द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।