बहामास से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार को देश में एक छोटा यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को बचाया नहीं जा सका। इस दुर्घटना के बाद एहतियातन सरकार ने फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह हादसा नॉर्थ एंड्रॉस क्षेत्र में हुआ, जो बहामास की राजधानी नसाऊ के पश्चिम में समुद्र के बीच स्थित द्वीपों का हिस्सा है।
शुरुआत में बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने जानकारी दी थी कि दुर्घटना में एक व्यक्ति जीवित मिला है, लेकिन बाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर चोटों के कारण उस व्यक्ति की भी मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या 10 हो गई। प्रशासन ने अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है।
आजादी की 53वीं वर्षगांठ के जश्न के बीच पसरा शोक
यह हादसा ऐसे समय हुआ जब पूरा बहामास अपनी स्वतंत्रता की 53वीं वर्षगांठ का उत्सव मना रहा था। लेकिन खुशियों का यह माहौल कुछ ही पलों में गहरे शोक में बदल गया। प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश इस त्रासदी से स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को इस हादसे में खो दिया है, उनके दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सरकार इस कठिन समय में सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उधर, बहामास एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान ने नसाऊ स्थित लिंडन पिंडलिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और उसका गंतव्य सैन एंड्रॉस था। उड़ान के दौरान किसी चरण में विमान हादसे का शिकार हो गया। जांच एजेंसी के अनुसार यह विमान बहामास में पंजीकृत सेसना 402 मॉडल का था और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा जांच पूरी होने तक फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों पर रोकऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि फ्लेमिंगो एयर के एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट को फिलहाल निलंबित करना पूरी तरह एहतियाती कदम है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक दुर्घटना की जांच पूरी नहीं हो जाती और सुरक्षा मानकों की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक एयरलाइन के संचालन पर रोक जारी रहेगी। मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार को सुरक्षा से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाएं सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है।
ऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्री जोबेथ कोल्बी-डेविस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इसी दिन फ्लेमिंगो एयर के एक अन्य विमान के साथ भी तकनीकी समस्या सामने आई थी। यह विमान मायागुआना के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान के दौरान पायलट ने तकनीकी खराबी की सूचना दी और एहतियात के तौर पर विमान को वापस नसाऊ एयरपोर्ट ले आया। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद विमान में अचानक आग लग गई। इस दूसरी घटना की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों मामलों के बीच कोई तकनीकी संबंध है या नहीं।