लुइसविले: ऑस्ट्रेलिया से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने चिकित्सा जगत को भी हैरान कर दिया है। यहां 34 वर्षीय एक महिला ने एक जैसी दिखने वाली चार बच्चियों को जन्म दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक यह प्रेग्नेंसी बेहद दुर्लभ श्रेणी में आती है और ऐसे मामले दुनिया भर में बहुत कम देखने को मिलते हैं।
चारों बच्चियों की मां का नाम जेनिटर साउ नाआमोआना है। उन्होंने पिछले सप्ताह इन बेटियों को जन्म दिया। खास बात यह है कि दंपति पहले से ही चार बच्चों के माता-पिता हैं। अब परिवार में कुल आठ बच्चे हो गए हैं, जिससे उनके घर में खुशियों का माहौल है।
क्वींसलैंड के अस्पताल में हुई डिलीवरीनाआमोआना ने क्वींसलैंड स्थित रॉयल ब्रिसबेन एंड विमेन्स हॉस्पिटल में चारों बच्चियों को जन्म दिया। अस्पताल की विशेषज्ञ डॉक्टर एलेक्सा बेंडाल ने अस्पताल द्वारा जारी बयान में बताया कि यह गर्भधारण पूरी तरह प्राकृतिक था। उनके अनुसार एक ही निषेचित अंडा गर्भ में चार भागों में विभाजित हो गया, जिसके परिणामस्वरूप चारों बच्चियों का जन्म हुआ। उन्होंने इस घटना को चिकित्सा विज्ञान के लिए अत्यंत असाधारण बताया।
डॉक्टर बेंडाल ने कहा कि उनका अनुमान है कि इस तरह की गर्भावस्था लगभग डेढ़ करोड़ में से केवल एक मामले में देखने को मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में पहले ऐसा मामला दर्ज नहीं हुआ है।
परिवार को नहीं थी चार बच्चों की उम्मीदअस्पताल प्रशासन के अनुसार नाआमोआना और उनके पति जोर्थम पहले से चार बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे और फिलहाल परिवार बढ़ाने की उनकी कोई योजना नहीं थी। ऐसे में जब उन्हें पता चला कि एक साथ चार बच्चियां आने वाली हैं तो वे खुद भी आश्चर्यचकित रह गए।
हालांकि इस खुशी के साथ कई चुनौतियां भी जुड़ी थीं। डॉक्टरों ने बताया कि यह हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी थी क्योंकि चारों भ्रूण एक ही प्लेसेंटा साझा कर रहे थे। ऐसी स्थिति में मां और बच्चों दोनों के लिए अतिरिक्त चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता होती है।
समय से पहले अस्पताल में कराया गया भर्तीमेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, जब गर्भ में एक से अधिक भ्रूण होते हैं तो समय से पहले प्रसव, गर्भपात और जन्मजात जटिलताओं जैसी आशंकाएं सामान्य गर्भावस्था की तुलना में काफी बढ़ जाती हैं। यही वजह थी कि डॉक्टरों ने नाआमोआना की गर्भावस्था पर लगातार नजर बनाए रखी।
उन्हें गर्भावस्था के 25वें सप्ताह में ही अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था ताकि उनकी स्थिति और बच्चों के विकास की नियमित निगरानी की जा सके। बाद में 14 जुलाई को सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से चारों बच्चियों का सुरक्षित जन्म कराया गया।
मां और चारों बच्चियां स्वस्थडॉक्टर एलेक्सा बेंडाल ने बताया कि 28 सप्ताह और चार दिन की गर्भावस्था में चार स्वस्थ बच्चियों का जन्म होना अपने आप में उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान मां को कुछ रक्तस्राव जरूर हुआ, लेकिन चार बच्चों की डिलीवरी को देखते हुए यह सामान्य सीमा में था। फिलहाल मां की हालत स्थिर है और चारों नवजात बच्चियां भी स्वस्थ हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भारत के हरियाणा में भी एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म देकर सुर्खियां बटोरी थीं। उस मामले में परिवार में दो बेटों और दो बेटियों के आने से खुशियों का माहौल बन गया था। वहीं ऑस्ट्रेलिया का यह ताजा मामला अपनी दुर्लभता के कारण दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। (रिपोर्ट: AP)