अमेरिका के इदाहो राज्य में आयोजित एक बड़े एयर शो के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया, जब हवा में उड़ रहे दो अमेरिकी लड़ाकू विमान आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों फाइटर जेट कुछ ही सेकंड में आग की लपटों में घिर गए और आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार फैल गया। यह हादसा ‘माउंटेन होम एयर फोर्स बेस’ पर आयोजित एयर शो के दौरान हुआ, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एयर बेस को तत्काल बंद कर दिया गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। उस समय एयर बेस पर ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ का आयोजन चल रहा था। शो के दौरान अमेरिकी नौसेना के दो एडवांस्ड EA-18G ग्रोवलर फाइटर जेट हवा में करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान दोनों विमान बेहद करीब आ गए और अचानक आपस में टकरा गए। टक्कर के तुरंत बाद दोनों जेट नियंत्रण खो बैठे और कुछ दूरी पर जाकर जमीन पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि विमानों के टुकड़े हवा में बिखरते दिखाई दिए। हादसे के कुछ ही क्षणों बाद घटनास्थल के ऊपर धुएं का घना बादल छा गया। बताया जा रहा है कि दोनों विमान एयर बेस से करीब दो मील दूर जाकर गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत पूरे क्षेत्र को घेर लिया।
इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही दोनों फाइटर जेट हवा में टकराते हैं, वे आग के बड़े गोले में बदल जाते हैं। हालांकि इस खौफनाक दृश्य के बीच राहत की सबसे बड़ी खबर यह रही कि विमानों में मौजूद सभी चार क्रू मेंबर्स सुरक्षित बच गए। टक्कर के बाद पायलट और अन्य क्रू सदस्य समय रहते इजेक्ट करने में सफल रहे और पैराशूट की मदद से सुरक्षित जमीन पर उतर आए।
अमेरिकी नौसेना ने बाद में आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि हादसे में शामिल सभी चारों क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। अधिकारियों ने इसे बड़ी राहत बताया, क्योंकि टक्कर बेहद खतरनाक परिस्थितियों में हुई थी।
जानकारी के मुताबिक इस एयर शो का आयोजन करीब आठ साल बाद किया जा रहा था। ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ को लेकर लोगों में काफी उत्साह था और इसे सफल बनाने के लिए पिछले दो वर्षों से तैयारियां चल रही थीं। हजारों दर्शक इस शो को देखने पहुंचे थे, लेकिन हादसे के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया। सुरक्षा कारणों से रविवार को होने वाले बाकी सभी कार्यक्रम तुरंत रद्द कर दिए गए।
घटना के बाद अमेरिकी वायुसेना और नौसेना दोनों ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर दोनों लड़ाकू विमान हवा में इतनी नजदीक कैसे आ गए और टक्कर की असली वजह क्या थी। तकनीकी टीमों को भी घटनास्थल पर भेजा गया है।
यह पहली बार नहीं है जब माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर कोई बड़ा हादसा हुआ हो। इससे पहले भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। साल 2018 में एक हैंग ग्लाइडर रनवे पर क्रैश हो गया था, जिसमें पायलट की मौत हो गई थी। वहीं 2003 में एक ‘थंडरबर्ड्स जेट’ भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, हालांकि उस हादसे में पायलट सुरक्षित बच गया था।
ताजा घटना ने एक बार फिर एयर शो के दौरान सुरक्षा मानकों और जोखिमों को लेकर बहस छेड़ दी है। हालांकि चारों क्रू मेंबर्स की सुरक्षित वापसी ने राहत जरूर दी है, लेकिन हवा में हुए इस भीषण टकराव ने वहां मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया।