चंद्रदेव से प्रार्थना करने पुल पर चढ़ा युवक, बोला 'जब तक लैंडर विक्रम का ISRO से संपर्क नहीं होगा नीचे नहीं उतरुंगा'

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के प्रयागराज (Prayagraj) में बीती रात कुछ ऐसा हुआ जिसने पुलिस वालों की नींद उड़ा दी। दरअसल, सोमवार की रात एक सनकी युवक का ड्रामा देखने को मिला। युवक हाथों में तिरंगा लेकर यमुना ब्रिज (Yamuna Bridge) के पिलर पर चढ़ गया। जैसे-जैसे लोगों को खबर लगी, वैसे-वैसे ब्रिज पर लोगों का मजमा लगना शुरू हो गया। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन देर रात तक वह नीचे नहीं उतरा। देर रात तक ये हाई वोल्टेज ड्रामा देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।

घंटो मशक्कत के बाद पिलर पर चढ़े युवक ने एक लोहे की प्लेट में बांधकर पन्ने में लिखकर अपना संदेश भेजा, जिसमें लिखा था कि जब तक चंद्रयान-2 (Chandrayaan 2) का लैंडर विक्रम (Lander Vikram) से इसरो (ISRO) का सम्पर्क नहीं हो जाता है। तब-तक वो पिलर पर ही रहकर चंद्रदेव से प्रार्थना करेगा।

युवक के संदेश मिलने के घंटों बाद भी देर रात क़रीब 11 बजे तक पुलिसकर्मी युवक को समझाकर नीचे उतारने की कोशिशों में लगे रहे। लेकिन पुलिसकर्मियों के मिन्नत का युवक पर कोई भी असर नहीं हुआ। तो पुलिस ने पहले वहां से भीड़ को उतारा और खुद भी वहां से चली गई। युवक का नाम रजनीकांत है, जो प्रयागराज के यमुनापार के मांडा थाना इलाके का रहने वाला है।

ट्रेन के इंज‍न पर चढ़कर युवक ने पूछा - Chandrayaan 2 मिशन फेल क्यों हुआ?

हाल ही में कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सागर (Sagar) जिले के नरयावली रेलवे स्टेशन पर एक सरफिरे युवक ने कटनी-बीना पैसेंजर ट्रेन के डीजल इंजन की छत पर चढ़कर आधे घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। यह युवक बार-बार चंद्रयान 2 (Chandrayaan 2) फेल होने से नाराजगी जता रहा था। इस युवक को नीचे उतारने के लिए जब भी कोई प्रयास करता तो वह गाली देकर उससे पूछता की चंद्रयान 2 फेल क्यों हुआ? युवक इस वजह से आधा घंटा तक हंगामा करता रहा। युवक नशे की हालत में था। युवक सागर के शुक्रवारी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।