वैज्ञानिकों ने बनाया ऐसा पेंट जिसके बाद नहीं पड़ेगी घर में AC लगवाने की जरूरत

वर्तमान समय विज्ञान का हैं जहां लगातार नई खोज की जा रही हैं और नए अविष्कार जीवन की सहूलियत को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इस बीच वैज्ञानिकों ने एक ऐसा पेंट बनाया हैं जिसे लगवाने के बाद घर इतनी ठंडक होगी कि AC लगवाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। इस खास पेंट को अमेरिका के वैज्ञानिकों ने बनाया है। ये दुनिया का सबसे सफेद पेंट है। इस अनोखे पेंट ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे सफेद पेंट होने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। जल्द ही यह पेंट मार्केट में आने वाला है। वैज्ञानिकों ने इस खास पेंट को मार्केट में लाने के लिए एक कंपनी से बात भी की है।

ग्लोबल वार्मिंग एक बहुत बड़े संकट के रूप में दुनिया के सामने उभर रहा है। इसी के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से वैज्ञानिकों ने इस खास पेंट को बनाया है। इस पेंट की मदद से ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते प्रभाव को कुछ हद तक कम किया जा सकता है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रोफेसर शिउलिन रुआन कहते हैं - हम लोगों ने करीब 7 साल पहले इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। इस योजना को शुरू करने से पहले हम ग्लोबल वार्मिंग और बिजली की खपत के बारे में सोच रहे थे। उसी बीच हमें एक ऐसे पेंट को बनाने का आइडिया आया, जो सूर्य की रोशनी को पूरी तरह रिफ्लेक्ट कर सकता हो। बताया जा रहा है कि अगर इस पेंट के जरिए 1000 स्क्वायर फीट की छत को कवर कर दिया जाए तो 10 किलोवाट की कूलिंग पावर मिलेगी। इससे घर के भीतर का माहौल काफी ठंडा हो जाएगा।

पेंट को बनाने वाले वैज्ञानिकों के मुताबिक ये ज्यादा सफेद होने के कारण काफी परावर्तक है। ये पेंट सूर्य की बहुत सूक्ष्म गर्मी ही अवशोषित करता है, बाकी सब ये उत्सर्जित कर देता है। इसी वजह से घर के भीतर का वातावरण काफी ठंडा रहेगा। अगर निकट भविष्य में इसका इस्तेमाल बढ़ता है तो AC पर हमारी निर्भरता कम हो जाएगी। इसका एक सकारात्मक लाभ पर्यावरण में देखने को मिलेगा। आपको बता दें कि AC के इस्तेमाल से ग्लोबल वार्मिंग का प्रभाव बढ़ता है।