इन आमों को खरीदकर खाने की जगह करेगा सजाने का मन, कीमत जान उड़ जाएंगे आपके होश

गर्मियों का मौसम आ चुका हैं जिसे सबसे ज्यादा फलों के राजा आम के लिए जाना जाता हैं। इस मौसम में सभी अपनी आम खाने की चाहत को पूरा करने में लगे रहते हैं और अच्छे से अच्छे आम और हर क़िस्म के आम खाने की चाहत रखते हैं। लेकिन आज हम आपको एक ऐसे आम के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे खरीदकर आपका इसे खाने की जगह सजाने का मन करेगा। हम बात कर रहे हैं दुनिया के सबसे महंगे आम ताईयो नो तामागो (एग ऑफ द सन) आम के बारे में जो भारत में नहीं बल्कि जापान के मियाजाकी प्रांत में उगाया जाता है और पूरे जापान में बेचा जाता है। इसकी कीमत भी इतनी है कि इसे खरीदने में बड़े से बड़े अमीरों के भी पसीने छूट जाएं।

यहां हर साल सबसे पहले उगाए गए इस खास और महंगे आम की बोली लगाई जाती है, जिसमें इनके दाम आसमान छूने लगते हैं। इस आम की खेती बाकी किस्मों की तरह ऐसे ही बिना सोचे-समझे नहीं की जाती है बल्कि सिर्फ ऑर्डर पर ही इनकी खेती की जाती है। इस आम की खूबी ये है कि यह आधा लाल और आधा पीला होता है। जापान में इसे गर्मी और सर्दी के बीच के मौसम में तैयार किया जाता है, इसलिए इसकी कीमत बहुत ज्यादा होती है।

साल 2017 में इस आम के एक जोड़े की बोली लगाई गई थी, जिसमें यह रिकॉर्ड 3600 डॉलर यानी करीब दो लाख 72 हजार रुपये में बिकी थी। प्रत्येक आम का वजन 350 ग्राम था। ऐसे में आप सोच सकते हैं कि महज 700 ग्राम आम की कीमत जब ढाई लाख रुपये से ज्यादा है तो एक किलो खरीदने के लिए तो तीन लाख रुपये से ज्यादा ही खर्च करने पड़ेंगे।

अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर इस आम की कीमत इतनी ज्यादा क्यों है, तो आपको बता दें कि इसे उगाने में बेहद ही सावधानी बरती जाती है। जापानी किसान प्रत्येक आम को एक छोटे जाल के साथ घेरते हैं, जो सूरज की रोशनी को सभी कोणों पर त्वचा को हिट करने की अनुमति देता है (यह एक समान, रूबी-लाल रंग देता है) और पेड़ से फल को नीचे गिरने नहीं देता है। जब आम पूरी तरह पककर तैयार हो जाते हैं, तो ये अपने आम ही जाल में गिरकर अटक जाते हैं, जिसे निकालकर ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता है। ये आम खाने में बहुत स्वादिष्ट और रसदार होता है।