दुनिया के सबसे अधिक उम्र के शरीर से जुड़े भाइयों का निधन, सर्कस में किया था काम

दुनिया के सबसे अधिक उम्र के शरीर से जुड़े दो जुड़वा भाइयों का 68 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने डेटन के एक हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। रॉनी और डॉनी गेलयन का जन्म 28 अक्टूबर, 1951 में अमेरिका में ओहियो प्रांति के बेवरक्रिक में हुआ था। मॉन्टगोमेरी काउंटी कोरोनर ने कहा कि उनकी मौत प्राकृतिक थी।

रोनी और डोनी ने 2014 में 63 साल की उम्र में शरीर से जुड़े हुए जिंदगी का सबसे लंबा सफर तय करने का कीर्तिमान बना लिया था। रॉनी और डॉनी के भाई जिम गेलयन ने बताया था कि दुनिया की सबसे उम्रदराज चिपकी हुई जोड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम करने से पहले दोनों काफी उत्साहित थे। यह कीर्तिमान स्थापित करने के बाद उन्होंने कहा था वे हमेशा इस सपने को सच होते देखना चाहते थे।

इससे पहले यह रिकॉर्ड अमेरिकी मूल के ही चेंग और एंग बंकर के नाम था। वे 62 साल तक जिंदा रहे थे। रोनी-डोनी पर 2010 में टीएलसी चैनल ने एक डॉक्यूमेंट्री भी टेलिकास्ट की थी। दोनों का शरीर बचपन से ही पेट के हिस्से से चिपका हुआ था।

शरीर से लाचार होने के बावजूद वे बेहद मेहनती थे। उन्होंने 3 साल की उम्र से सर्कस और कार्निवाल में काम करना शुरू किया था। वे यह काम 1991 तक करते रहे। इसके बाद यह काम छोड़ दिया और 2010 तक अकेले रहे। वे सर्कस से कमाए पैसों से गुजारा करते थे। बाद में सेहत खराब रहने लगी तो वे अपने भाई जिम के साथ रहने लगे। दोनों की देखाभाल जिम और उसकी पत्नी करते थे।

दोनों भाई पेट से जुड़े थे। उनकी कमर से नीचे का हिस्सा एक और कमर से ऊपर दो धड़ थे। उनका एक ही लोवर डायजेस्टिव ट्रैक्ट और मल द्वार था। हृदय अलग-अलग थे। दोनों के हाथ और पैर भी बिल्कुल सामान्य इंसान की तरह ही थे।

साल 2014 में दोनों भाइयों ने कार्निवल साइड शो में भी हिस्सा लिया था, जहां वे सबके लिए आकर्षण का केंद्र बन गए थे। इसमें कमाया हुआ पैसा उन्होंने अपने बाकी 9 भाई-बहनों की मदद में लगा दिया।