एकसाथ 1900 लोगों को बैठने के लिए यहाँ बन रहा दुनिया का सबसे बड़ा झूला

बच्चों को झूला खाना बहुत पसंद होता हैं और कई बड़े भी होते हैं जो झूला खाने के शौक़ीन होते हैं। देश में कई ऐसे पार्क हैं जहां कई बड़े-बड़े झूले लगे हुए हैं। लेकिन क्या आपने कहीं ऐसा झूला देखा हैं जिसमें 1000 से ज्यादा लोग बैठे हो। ऐसा ही एक झूला बनाया जा रहा हैं संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में ब्लूवॉटर्स आइलैंड (द्वीप) पर जो कि 'लंदन आई' झूले से भी लगभग दोगुना बड़ा होगा। आइये जानते हैं इस अनोखे झूले के बारे में।

बताया जा रहा है कि यह पांच बोइंग 747 जंबो जेट जितना वजनी है यानी इसका कुल वजन 900 टन है। सांसों को थाम देने वाले इस झूले की ऊंचाई 250 मीटर है। इसके अलावा इसमें बैठने के लिए 48 पॉड्स बनाए गए हैं। इस झूले को बनाने के लिए जरूरी सामान दुबई से जहाज के द्वारा मंगाया गया है। इसे बनाने में दुनिया की सबसे बड़ी क्रेन का इस्तेमाल किया गया है। यह क्रेन करीब 1200 मीट्रिक टन वजन उठाने में सक्षम है। इसके अलावा दो और क्रेनों का भी इस्तेमाल किया गया, जो करीब 3000 टन वजन उठाने में सक्षम हैं।

इस झूले के प्रोजेक्ट मैनेजर पीयर्स सिडे के मुताबिक, झूले का करीब 98 फीसदी काम पूरा हो चुका है। माना जा रहा है कि इस साल के अंत तक यह शूरू हो जाएगा। जब यह शुरू हो जाएगा तो इसे दुनिया का सबसे बड़ा झूला माना जाएगा। फिलहाल अमेरिका के लॉस वेगास में स्थित 167 मीटर ऊंचे झूले को दुनिया का सबसे ऊंचा झूला माना जाता है। इस झूले को जिस ब्लूवॉटर्स आइलैंड पर बनाया जा रहा है, वह कोई कुदरती नहीं बल्कि एक मानव निर्मित द्वीप है, जिसकी शुरुआत साल 2013 में हुई थी। अप्रैल 2019 में यहां झूला लगाने की घोषणा हुई थी। इसे बनाने का काम अब लगभग समाप्त ही है।