दुबई मे दुनिया का सबसे बड़ा सिटीवाइड फिटनेस चैलेंज आज से शुरू, 10 लाख से ज्यादा लोग लेंगे हिस्सा

दुबई फिटनेस चैलेंज (डीएफसी 2019) (Dubai Fitness Challenge) का आज से आगाज हो चूका है। दुबई (Dubai) को सेहतमंद और दुनिया के सबसे सक्रिय शहर बनाने के उद्देश्य से शुरू हुए इस अभियान का यह तीसरा संस्करण है। इसमें 10 लाख से ज्यादा लोगों के हिस्सा लेने का अनुमान है। इस इवेंट में अगले एक महीने तक शहर और करीबी शहरों के लोग अलग-अलग स्थानों पर हर दिन 30 मिनट तक वर्कआउट करेंगे।

बता दे, 2017 में दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने इसकी शुरुआत की थी। प्रिंस चाहते हैं कि हर उम्र, क्षमता और फिटनेस वाले लोग सेहतमंद बनें। इसलिए एक माह तक शहर में कहीं पर भी एक्सरसाइज या फिटनेस इवेंट में शामिल होकर चैलेंज स्वीकार करें। इस बार इवेंट के लिए खास कैलेंडर बनाया गया है।

इवेंट के लिए 'सिटी इज जिम' शीर्षक से नक्शा बनाया गया है। इसमे जानकारी मिलेगी कि कहां वर्कआउट कर सकते हैं। शहर के 30 स्थानों पर व्यवस्था की गई है। मॉल और बीच पर भी लोग कसरत कर सकेंगे। इसके अलावा 2 फिटनेस विलेज भी बनाए गए हैं। 40 इवेंट और 5 हजार मुफ्त क्लास भी होंगी। इसके तहत प्रतिभागी फिटनेस गतिविधियों के साथ, वेलनेस इवेंट समुद्र किनारे के खेल, योग, ध्यान, मुक्केबाजी, मॉर्शल आर्ट में हिस्सा ले सकेंगे।

चैलेंज में हिस्सा लेने के लिए डीएफसी एप डाउनलोड करना होगा। तय स्थानों पर जाकर क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। इसके बाद चुना हुआ वर्कआउट मोबाइल पर ही मिल जाएगा। इसके बाद मन मुताबिक समय तक वर्कआउट कर सकेंगे। परिवार, दोस्तों के समूह के साथ भी शामिल हो सकते हैं। 2018 के चैलेंज में 10 लाख लोग शामिल थे। जबकि पहले संस्करण में करीब 7.5 लाख लोगों ने हिस्सा लिया था।